-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। लोक शिक्षण संचालनालय, छत्तीसगढ़ के निर्देश पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सरहरी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत विद्यालय में भाषण और ड्राइंग प्रतियोगिता हुई। वहीं 17 सितंबर की शाम विद्यालय परिसर में 500 संकल्प दीये प्रज्वलित कर विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद सदस्य कुंती शिवपाल कुशवाहा तथा विशिष्ट अतिथि सरपंच प्रतिनिधि शिव बालक,विजय नारायण कुशवाहा,रूद्रप्रसाद कुशवाहा और पुष्पेंद्र गुप्ता उपस्थित रहे। प्राचार्य दिलीप तिवारी ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विकसित भारत के विजन पर प्रकाश डाला। मुख्य अतिथि कुंती शिवपाल कुशवाहा ने विद्यार्थियों से विकसित भारत 2047 के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। भाषण प्रतियोगिता में तारा रानी ने प्रथम, वर्षा कुशवाहा ने द्वितीय और हेमराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। हायर सेकेंडरी स्तर की ड्राइंग प्रतियोगिता में पार्वती प्रथम, ऐश्वर्या द्वितीय और वर्षा कुशवाहा तृतीय रहीं। पूर्व माध्यमिक स्तर पर वंदना और स्वाति ने संयुक्त रूप से प्रथम, रागिनी मिश्रा ने द्वितीय और गुंजन कुशवाहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। राज्यपाल पुरस्कृत व्याख्याता अजय कुमार चतुर्वेदी ने अतिथियों,शिक्षकों और विद्यार्थियों को विकसित भारत 2047 की शपथ दिलाई। सभी ने भारत को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने,राष्ट्रीय एकता, नागरिक कर्तव्यों और पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्ध रहने का संकल्प लिया। व्याख्याता विजय भारती ने आभार व्यक्त किया। आयोजन में विद्यालय के समस्त स्टाफ का सहयोग रहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur