Breaking News

अम्बिकापुर@ गणपति धाम में जयघोष और महाआरती से गूंजा हाथी पखाना

Share


नगर और आसपास के गांवों से उमड़े श्रद्धालु,विधिवत पूजा-अर्चना व हवन के बाद ग्रहण किया प्रसाद
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)।
हाथी पखाना स्थित प्रसिद्ध गणपति धाम में प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुरूप आयोजित भव्य महाआरती में आस्था और श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। भगवान गणेश के जयघोष,मंदिर परिसर में गूंजती घंटियों, ढोल-नगाड़ों और आरती के भक्तिमय स्वर से पूरा हाथी पखाना क्षेत्र देर तक गणेशमय बना रहा। नगर सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु गणपति धाम पहुंचे और भगवान गणेश की विधिवत पूजा-अर्चना कर परिवार,समाज और क्षेत्र के सुख-समृद्धि एवं सर्वमंगल की कामना की। महाआरती के अवसर पर गणपति धाम का वातावरण देखते ही बन रहा था। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश के समक्ष श्रद्धा के साथ पूजा-अर्चना की तथा हवन में शामिल होकर मंगलकामना की। इसके पश्चात सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। मंदिर परिसर में एक ओर भगवान गणेश की आरती चल रही थी, वहीं दूसरी ओर श्रद्धालु भक्ति और आस्था के वातावरण में भगवान के दर्शन कर सुख-शांति एवं समृद्धि की प्रार्थना करते नजर आए। विभिन्न समाजों एवं वर्गों से पहुंचे श्रद्धालुओं की सहभागिता ने आयोजन को और व्यापक स्वरूप दिया। महिला,पुरुष,युवा एवं ग्रामीणों के साथ नगरवासियों ने भी महाआरती में शामिल होकर धार्मिक आयोजन को श्रद्धापूर्ण बनाया। पूरे आयोजन के दौरान गणपति धाम में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
गणपति विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता हैं : अनुराग सिंह देव
इस अवसर पर गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान गणेश को विघ्नहर्ता और मंगलकर्ता के रूप में पूजा जाता है। गणपति धाम में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली महाआरती श्रद्धा और आस्था के साथ सामाजिक एकता का भी सुंदर प्रतीक है। उन्होंने भगवान गणेश से सभी के जीवन में सुख-शांति,समृद्धि और सफलता की कामना की।
आस्था का प्रमुख केंद्र बन रहा गणपति धाम : भारत सिंह सिसोदिया
समिति के संरक्षक भारत सिंह सिसोदिया ने गणपति धाम की धार्मिक महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हाथी पखाना स्थित गणपति धाम लंबे समय से श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां भगवान गणेश के दर्शन एवं पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। महाआरती का आयोजन धार्मिक आस्था को मजबूत करने के साथ समाज को एकजुट करने का माध्यम भी बन रहा है। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री द्वारा गणपति धाम क्षेत्र के विकास के लिए एक करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान लॉन्च किए गए ‘गणपति सुविधा ऐप’ के संबंध में भी विस्तार से जानकारी दी तथा श्रद्धालुओं को इससे जुड़ी सुविधाओं के बारे में बताया।
भक्ति के साथ भाईचारे और सद्भाव का संदेश
मंच संचालन करते हुए विनोद हर्ष एवं नरेंद्र सिंह टुटेजा ने कहा कि गणपति उत्सव केवल पूजा-अर्चना तक सीमित नहीं है,बल्कि यह समाज में आपसी भाईचारे,सद्भाव और सेवा की भावना को मजबूत करने का अवसर भी है। गणपति धाम की महाआरती में समाज के विभिन्न वर्गों की सहभागिता धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक एकता की भावना को भी दर्शाती है। उन्होंने भगवान गणेश से सभी श्रद्धालुओं के सुख,शांति,समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की। आयोजन के अंत में समिति के अध्यक्ष शैलेष सिंह शैलू ने महाआरती में शामिल हुए अतिथियों,श्रद्धालुओं,ग्रामीणों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महाआरती में ललन प्रताप सिंह, अजय अग्रवाल, मंजूषा भगत, निरूपा सिंह, द्वितेन्द्र मिश्रा, एच.एस. जायसवाल, दिव्या सिंह सिसोदिया, हरमिंदर सिंह टिन्नी, मनीष सिंह, अरुणा सिंह, उमेश जायसवाल, विद्यानंद मिश्रा, मधुसूदन शुक्ला, निलेश सिंह, शशिकांत जायसवाल, मधु चौदाहा, जन्मेजय मिश्रा, विकास पांडेय, निश्चल प्रताप सिंह, रूपेश दुबे, अभिषेक सिंहदेव, दिनेश शुक्ला, सचिन अग्रवाल, सर्वेश तिवारी, पूनम अग्रवाल, मनोज गुप्ता, अरुण सिंह, अनिल जायसवाल, प्रियंका गुप्ता, आतिश सिंह, महेंद्र विश्वकर्मा, धर्मेंद्र यादव, उमाशंकर गुप्ता, शिवमंगल सिंह, शैलेंद्र शर्मा, अनुज दुबे, राजेश तिवारी, प्रियंका चौबे, सरस्वती यादव, आयुष दुबे, अनीश सिंह, जतीन परमार, रवि विश्वकर्मा, संदीप यादव ‘मैंगो’, महेंद्र सिंह, रविकांत उरांव, मनोज कंसारी, अभय साहू, प्रयाग साहू, राजेंद्र जायसवाल, अनिल निराला, नकुल सोनकर, पुष्पेंद्र शर्मा, विमल मंडिलवार, नीलम राजवाड़े एवं जगन्नाथ राजवाड़े सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, ग्रामीण, युवा एवं नगरवासी उपस्थित रहे। महाआरती के दौरान गणपति धाम में श्रद्धा, भक्ति और सामाजिक समरसता का ऐसा संगम दिखाई दिया, जिसमें भगवान गणेश के प्रति आस्था के साथ सभी के कल्याण और सर्वमंगल की सामूहिक प्रार्थना गूंजती रही।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@नशा मुक्ति को लेकर विद्या दीदी ने योग आयोग अध्यक्ष से की मुलाकात

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर,20 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। ब्रह्माकुमारी संस्था की सरगुजा संभाग संचालिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी विद्या दीदी …

Leave a Reply