13 नए गुंडा फाइल खोले,120 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई,हथियार और स्टंटबाजी करने वालों पर रहेगी नजर
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,20 सितम्बर 2026 (घटती-घटना)। नवरात्रि, दशहरा और दीपावली से पहले पुलिस ने शहर में कानून व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। कोतवाली,गांधीनगर और मणिपुर थाना क्षेत्र में आदतन अपराधियों और उपद्रवियों का रिकॉर्ड खंगालकर 13 नए गुंडा फाइल खोले गए हैं। वहीं अलग-अलग धाराओं में 120 लोगों के खिलाफ प्रति बंधात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा ने 2 सितंबर को पुलिस अधीक्षक,सीएसपी और संबंधित थाना प्रभारियों की बैठक लेकर त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए थे। उन्होंने गुंडा-बदमाशों,गैंग हिस्ट्रीशीटर,निगरानी बदमाशों और उपद्रवियों पर विशेष नजर रखने कहा था। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल के नेतृत्व में कार्रवाई शुरू की गई। कोतवाली में 2,गांधीनगर में 10 और मणिपुर में एक नया गुंडा फाइल खोला गया। इस तरह तीनों थाना क्षेत्रों में कुल 13 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
82 लोगों पर दो धाराओं में कार्रवाई : बीएनएसएस की धारा 126 एवं 135(3) के तहत कुल 82 लोगों पर कार्रवाई हुई। इनमें कोतवाली के 36, गांधीनगर के 36 और मणिपुर के 10 लोग शामिल हैं। धारा 128 के तहत 4 और धारा 129 के तहत 34 लोगों पर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई।
हथियार व स्टंटबाजी पर रहेगी नजर : पुलिस ने आगामी त्योहारों के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराने, चाकूबाजी, स्टंटबाजी और उपद्रव करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त लोगों की निगरानी जारी रहेगी,ताकि त्योहारों के दौरान किसी तरह की कानून व्यवस्था की स्थिति निर्मित न हो।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur