Breaking News

सूरजपुर @ डायल 112 टीम पर हमला करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार

Share


घायलों को अस्पताल पहुंचाकर लौट रही टीम को घेरकर की गई मारपीट, सरकारी कार्य में बाधा डालने का मामला दर्ज
ट्रक आगजनी मामले में भी दो आरोपियों को पुलिस ने दबोचा

सूरजपुर 23 जून 2026 (घटती-घटना)। आपातकालीन सेवा डायल 112 में तैनात आरक्षक एवं चालक पर हमला करने वाले 8 आरोपियों को प्रतापपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, वहीं ट्रक आगजनी के मामले में भी दो आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है, पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई कर उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के लिए प्रस्तुत किया है।

दुर्घटना की सूचना पर पहुंची थी डायल 112 टीम– पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डायल 112 में पदस्थ आरक्षक निशांत टोप्पो ने थाना प्रतापपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 जून 2026 की रात्रि लगभग 11 बजे रायपुर पीएफटी कॉल सेंटर से सूचना मिली कि ग्राम खजुरी-सेमरसोत मुख्य मार्ग पर सड़क दुर्घटना हुई है, जिसमें चार लोग घायल अवस्था में पड़े हैं, सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची, वहां चार युवक सड़क किनारे खड़े ट्रक से मोटरसाइकिल टकराने के कारण घायल मिले, टीम ने तत्काल मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए दो घायलों को प्रतापपुर अस्पताल पहुंचाया और फिर शेष दो घायलों को लेने दोबारा घटनास्थल पर पहुंची।
दूसरी बार लौटने पर हुआ हमला- आरक्षक निशांत टोप्पो के अनुसार जब वे दूसरी बार घायलों को लेने पहुंचे तो वहां मौजूद कुछ लोगों ने वाहन को रोक लिया और देर से पहुंचने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया, डायल 112 टीम द्वारा यह समझाने के बावजूद कि वे पहले दो घायलों को अस्पताल पहुंचाकर वापस आए हैं, आरोपियों ने एक राय होकर सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की और आरक्षक तथा चालक के साथ मारपीट कर दी, इस घटना के बाद थाना प्रतापपुर में अपराध क्रमांक 180/26 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया।
एसएसपी के निर्देश पर हुई त्वरित कार्रवाई- मामले की गंभीरता को देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी के निर्देश दिए, पुलिस टीम ने दबिश देकर आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, गिरफ्तार आरोपियों में मुकेश पैंकरा, प्रकाश पैंकरा उर्फ जीरा, करमसाय पैंकरा, नरेश पैंकरा, शिवसागर पैंकरा, अभय पैंकरा, पारसनाथ पैंकरा और रामकेवल पैंकरा शामिल हैं। सभी आरोपी ग्राम बैकोना, थाना प्रतापपुर के निवासी हैं, कार्यपालिक दंडाधिकारी के समक्ष पहचान कराए जाने के बाद सभी आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार किया गया।
ट्रक आगजनी मामले में भी दो गिरफ्तार- इसी दौरान थाना प्रतापपुर में दर्ज ट्रक आगजनी प्रकरण में भी पुलिस को सफलता मिली है, अपराध क्रमांक 181/2026 के तहत दर्ज मामले में मुकेश उर्फ सीजय पैंकरा एवं दीपेश पैंकरा को गिरफ्तार किया गया है, पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों की भूमिका ट्रक में आग लगाने की घटना में सामने आई है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका- पूरे अभियान में थाना प्रभारी नरेन्द्र सिंह, पीएसआई सम्पत कुमार, विकास गजेन्द्र, एएसआई वीरेन्द्र यादव, राजेश यादव, बजरंगी लाल चौहान, प्रधान आरक्षक योगेन्द्र भगत, रविशंकर चौबे, अलबिनुस तिर्की, विनोद परीड़ा तथा अन्य पुलिसकर्मियों ने सक्रिय भूमिका निभाई, पुलिस अधिकारियों ने कहा कि आपातकालीन सेवाओं में लगे कर्मचारियों पर हमला किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@पिता की टांगी से हत्या कर दो बोरियों में भर फेंकी थी लाश,बेटा समेत चार आरोपी गिरफ्तार

Share सोशल मीडिया से हुई मृतक की शिनाख्त,पूछताछ में बेटे ने कबूला जुर्म,मां और मौसा …

Leave a Reply