रायपुर,23 जून 2026। राजधानी के चर्चित ड्रग्स क्वीन नाव्या मलिक से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशा लय ने भी जांच शुरू कर दी है। ईडी ने मामले से जुड़े दस्तावेज,चार्जशीट और अन्य रिकॉर्ड पुलिस से मांगे हैं। एजेंसी की एंट्री के बाद उन लोगों में बेचैनी बढ़ गई है,जिनके नाम अब तक सार्वजनिक नहीं हुए हैं। पुलिस पहले ही इस मामले में कोर्ट में चार्जशीट पेश कर चुकी है और ट्रायल की प्रक्रिया जारी है। अब ईडी यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ड्रग्स के अवैध कारोबार से अर्जित रकम को कहां और किस माध्यम से खपाया गया। जांच के दायरे में वे लोग भी आ सकते हैं, जो प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से इस नेटवर्क से जुड़े रहे हैं।
2025 में हुआ था मामले का खुलासा : बता दें कि,मामले का खुलासा 23 अगस्त 2025 को हुआ था, जब पुलिस ने हर्ष आहूजा, मोनू विश्नोई और दीप धनोरिया को एमडीएमए के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने नाव्या मलिक की भूमिका का खुलासा किया, जिसके बाद पुलिस टीम ने मुंबई में कार्रवाई कर उसे गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया था कि रायपुर के कटोरा तालाब क्षेत्र रहने वाली नाव्या मलिक शहर की कई हाईप्रोफाइल पार्टियों और निजी आयोजनों में कथित रूप से ड्रग्स की सप्लाई करती थी। आरोप यह भी है कि वह स्वयं ऐसे आयोजनों में पहुंचकर ड्रग्स उपलब्ध कराती थी।
मोबाइल और डिजिटल नेटवर्क के जरिए फैलाया कारोबार : पुलिस जांच के अनुसार, नाव्या ने ड्रग्स सप्लाई के लिए एक संगठित नेटवर्क तैयार कर रखा था, जिसका संचालन मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल माध्यमों से किया जाता था। जांच एजेंसियों का मानना है कि समय के साथ उसका संपर्क प्रभावशाली लोगों तक पहुंच गया था, जिससे ड्रग्स सप्लाई का नेटवर्क लगातार फैलता गया।
मोबाइल में मिले 850 रसूखदारों के संपर्क…
पुलिस जांच में नाव्या मलिक को पूरे रैकेट का मास्टरमाइंड माना गया है। उसकी गिरफ्तारी के बाद जब्त किए गए तीन मोबाइल फोन की जांच में कई अहम जानकारियां सामने आई थीं। जांच में दावा किया गया था कि उसका संपर्क करीब 850 प्रभावशाली लोगों से था। इनमें नेता,कारोबारी, होटल संचालक,क्लब प्रबंधन से जुड़े लोग और शहर के कई रसूखदार परिवारों के सदस्य शामिल बताए गए थे। अब ईडी की जांच के बाद यह माना जा रहा है कि ड्रग्स नेटवर्क से जुड़े आर्थिक पहलुओं और कथित मनी ट्रेल को लेकर कई नए खुलासे सामने आ सकते हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur