- -संवाददाता-
- अम्बिकापुर,23 जून 2026 (घटती-घटना)। रेत तस्करी के दौरान कार्रवाई करने पहुंचे खनिज विभाग के नगर सैनिक से मारपीट कर जब्त वाहन छुड़ाकर ले जाने के मामले में गांधीनगर पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं,जिनकी तलाश जारी है। पुलिस के मुताबिक यह कार्रवाई डीआईजी एवं सरगुजा एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में की गई। अधिकारियों ने आपराधिक गतिविधियों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
- खनिज विभाग की टीम
- के साथ जांच के दौरान हुई घटना
- पुलिस के अनुसार प्रार्थी तारकेश्वर वर्मा, निवासी ग्राम महोदी तिल्दा खरोरा (रायपुर ग्रामीण),खनिज शाखा रायपुर में नगर सैनिक के पद पर कार्यरत हैं। 22 जून को वे केंद्रीय उड़नदस्ता टीम के साथ सरगुजा संभाग में जांच कार्रवाई के लिए पहुंचे थे। जांच के दौरान अधिकारियों के निर्देश पर रेत से भरे एक वाहन को अभिरक्षा में लेकर कलेक्ट्रेट परिसर अंबिकापुर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान वाहन चालक सोनू टोप्पो द्वारा वाहन मालिक का नाम लड्डन खान बताते हुए कथित रूप से धमकी दी गई। पुलिस के अनुसार गांधी चौक सिग्नल के पास वाहन मालिक सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे और नगर सैनिक के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट की। आरोप है कि नगर सैनिक को पकड़कर वाहन छुड़ा लिया गया और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
- 24 घंटे के भीतर दो आरोपी गिरफ्तार : घटना की रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 386/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचानः
- सोनू टोप्पो (19 वर्ष) पिता धनसिंह टोप्पो
- धनसिंह टोप्पो (35 वर्ष) पिता रामजी टोप्पो
दोनों निवासी सिलफिली पहाड़गांव, थाना जयनगर, जिला सूरजपुर बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया है। आरोपियों के कब्जे से रेत तस्करी में प्रयुक्त वाहन भी जब्त किया गया है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार मामले में शामिल कुछ अन्य आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया गया है। इस पूरी कार्रवाई में गांधीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उप निरीक्षक दिलीप दुबे, साइबर सेल प्रभारी सहायक उप निरीक्षक अजीत मिश्रा सहित पुलिस टीम के जवानों की भूमिका रही।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur