बेटे ने की पिता की हत्या, शव बोरी में भरकर फेंका
थाना रामानुजनगर पुलिस ने 4 आरोपियों को किया गिरफ्तार, तिवरागुड़ी-सरनापारा में मिला था शव
सोशल मीडिया से हुई मृतक की पहचान, पूछताछ में सामने आई पूरी साजिश
सूरजपुर 23 जून 2026 (घटती-घटना)। रामानुजनगर थाना क्षेत्र के तिवरागुड़ी-सरनापारा में बोरी में मिले अज्ञात शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाते हुए हत्या के सनसनीखेज मामले का खुलासा किया है, पुलिस ने इस मामले में मृतक के बेटे सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जांच में सामने आया कि पारिवारिक विवाद और मां के साथ मारपीट से नाराज बेटे ने अपने पिता की हत्या कर दी थी, जिसके बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए रिश्तेदारों और परिचितों की मदद ली गई।
बोरी में मिला था अज्ञात शव- 12 जून 2026 को ग्राम तिवरागुड़ी निवासी भेजन राम ने थाना रामानुजनगर में सूचना दी कि सरनापारा क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बोरी में बंद पड़ा हुआ है, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग पंचनामा कार्रवाई की, मृतक के सिर पर धारदार हथियार से हमले के निशान पाए गए, जिससे हत्या की आशंका के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सोशल मीडिया बना जांच का बड़ा जरिया- डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर पुलिस ने अज्ञात शव की पहचान के लिए सोशल मीडिया का सहारा लिया, प्रयास सफल रहा और मृतक की पहचान कोरिया जिले के बैकुंठपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चिरमी परसापानी निवासी शिवप्रसाद सिंह के रूप में हुई, पहचान होने के बाद पुलिस मृतक के घर पहुंची, जहां कमरे में जगह-जगह खून के धब्बे मिले। यहीं से जांच की दिशा बदल गई।
बेटे ने कबूला हत्या का राज– पुलिस ने मृतक के पुत्र अमृत लाल को हिरासत में लेकर पूछताछ की, पूछताछ में उसने बताया कि उसके पिता अक्सर उसकी मां बीरा बाई के साथ झगड़ा और मारपीट करते थे, घटना वाले दिन भी विवाद हुआ था, जिससे वह बेहद नाराज था, गुस्से में उसने अपने पिता की हत्या करने की योजना बनाई, रात में जब पिता गहरी नींद में सो रहे थे, तब उसने लोढ़ा और टांगी से हमला कर उनकी हत्या कर दी, हत्या के बाद उसने पिता का मोबाइल बंद कर उसकी सिम निकाल दी ताकि किसी को शक न हो।
शव ठिकाने लगाने के लिए रची गई साजिश- हत्या के अगले दिन अमृत लाल ने अपने मौसा हरवंश सिंह को पूरी घटना की जानकारी दी, दोनों ने शव को दूर ले जाकर फेंकने की योजना बनाई, रात में शव को बोरी में भरकर मोटरसाइकिल के जरिए तिवरागुड़ी क्षेत्र ले जाया गया, रास्ते में मोटरसाइकिल कीचड़ में फंस गई, जिसके बाद कौशल उईके को बुलाया गया, उसे भी पूरी घटना बता दी गई और उसने शव को ले जाने में सहयोग किया। बाद में तिवरागुड़ी डांड क्षेत्र में शव को फेंककर सभी वापस लौट गए, जांच में यह भी सामने आया कि मृतक की पत्नी बीरा बाई ने कमरे में फैले खून के निशानों को मिटाने के लिए गोबर से फर्श की पोताई की थी।
चार आरोपी गिरफ्तार- पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी अमृत लाल, हरवंश सिंह, कौशल सिंह उईके और बीरा बाई को गिरफ्तार कर लिया, आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोढ़ा, टांगी, मृतक का मोबाइल फोन तथा शव परिवहन में उपयोग की गई तीन मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका- पूरे मामले का खुलासा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन एवं एसडीओपी प्रेमनगर बेनार्ड कुजूर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेन्द्र साहू और उनकी टीम ने किया, पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur