Breaking News

मनेन्द्रगढ़@ जिला तो बन गया साहब,पर सड़कें अब भी गली ही हैं!

Share

  • मनेन्द्रगढ़ की अधूरी विकास गाथा,जिला बनने का सपना पूरा, लेकिन चौड़ी सड़कों का सपना अब भी फाइलों में कैद
  • मनेन्द्रगढ़ की विकास गाथा में सबसे बड़ा सवाल—बढ़ते शहर के साथ आखिर कब बढ़ेंगी सड़कें, कब मिलेगी जाम से मुक्ति?
  • मनेन्द्रगढ़ का दर्द : जिला मुख्यालय बना, मगर रास्ते अब भी तंग हैं
  • नाम में जिला, हालात में कस्बा! मनेन्द्रगढ़ की सड़कों ने पूछा—हमारी बारी कब?
  • विकास की इमारत ऊंची, सड़कें अब भी छोटी! मनेन्द्रगढ़ का अनुत्तरित सवाल
  • 22 साल का इंतजार खत्म हुआ, लेकिन सड़कों का इंतजार बाकी है
  • मेडिकल कॉलेज आया, जिला बना, दफ्तर बढ़े… मगर सड़कें क्यों नहीं बढ़ीं?
  • मनेन्द्रगढ़ पूछ रहा है—साहब, जिला बनने के बाद क्या सड़कों की बारी नहीं आती?
  • विकास की गाड़ी फंस गई जाम में! जिला बनने के बाद भी संकरी सड़कों से जूझता मनेन्द्रगढ़


-रवि सिंह-
मनेन्द्रगढ़,10 जून 2026 (घटती-घटना)।
मनेन्द्रगढ़ की कहानी किसी साधारण नगर की कहानी नहीं है, यह उस शहर की कहानी है जिसने जिला बनने का सपना देखा, उसके लिए दशकों तक संघर्ष किया,नेताओं के भाषण सुने,आश्वासन की मिठाइयाँ खाईं, चुनावी घोषणाओं की चाशनी में डूबा रहा और आखिरकार जिला बन भी गया,लेकिन आज जब कोई आम नागरिक बाजार की सड़क पर फंसकर आधे घंटे तक जाम में खड़ा रहता है तो उसके मन में एक ही सवाल उठता है,क्या जिला बनने का मतलब सिर्फ नाम बदलना था या व्यवस्था भी बदलनी थी? कभी सरगुजा जिले का हिस्सा रहे मनेन्द्रगढ़ ने सबसे पहले जिला बनने का सपना देखा था,उस दौर में जब अविभाजित मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी,तब यहां के लोग लगातार यह मांग उठा रहे थे कि मनेन्द्रगढ़ को जिला बनाया जाए,उस समय शहर में रेलवे स्टेशन था,व्यापारिक गतिविधियां थीं,प्रशासनिक दृष्टि से संभावनाएं थीं और भौगोलिक रूप से भी यह एक महत्वपूर्ण केंद्र माना जाता था,लेकिन किस्मत को शायद कुछ और मंजूर था, वर्ष 1998 आया, सरगुजा का विभाजन हुआ, कोरिया जिला बना,लोगों को उम्मीद थी कि मनेन्द्रगढ़ जिला मुख्यालय बनेगा, लेकिन अंतिम समय में बाजी किसी और के हाथ चली गई,मनेन्द्रगढ़ देखते रह गया और जिला मुख्यालय का ताज बैकुंठपुर के सिर पर सज गया,उस दिन से लेकर वर्षों तक मनेन्द्रगढ़ के हिस्से में सिर्फ इंतजार आया।
मनेन्द्रगढ़ के बुजुर्ग बताते हैं कि उस दौर में यदि दूरदर्शी राजनीतिक नेतृत्व और सुनियोजित शहरी सोच दिखाई गई होती तो आज शहर की तस्वीर कुछ और होती,लेकिन हुआ उल्टा, जिस समय शहर को भविष्य के लिए तैयार किया जाना चाहिए था,उसी समय सरकारी भूमि धीरे-धीरे सिकुड़ती चली गई, सड़कों के किनारे अतिक्रमण बढ़ता गया,शहर का विस्तार योजनाबद्ध तरीके से नहीं हुआ,आज स्थिति यह है कि शहर का मुख्य बाजार ऐसा दिखाई देता है जैसे किसी पुराने दौर की तंग गलियों को आधुनिक जिला मुख्यालय घोषित कर दिया गया हो,व्यंग्य की बात यह है कि जिला बनने के लिए जिस शहर ने दशकों तक संघर्ष किया, वह जिला बनने के बाद भी कई जगहों पर कस्बे जैसी यातायात व्यवस्था से जूझ रहा है।
सब जानते हैं समस्या क्या है,लेकिन बोलता कौन है?
सबसे बड़ा आश्चर्य यह है कि इस विषय पर बड़े स्तर पर कोई जनआंदोलन दिखाई नहीं देता, व्यापारिक संगठन चुप,सामाजिक संगठन शांत, जनप्रतिनिधि व्यस्त,नागरिक परेशान,और सड़कें मौन,मानो पूरे शहर ने यह मान लिया हो कि जाम मनेन्द्रगढ़ की नियति है, लेकिन इतिहास गवाह है कि जिन शहरों ने अपनी बुनियादी समस्याओं को समय रहते नहीं सुलझाया,वहां विकास की गति अंततः रुक जाती है।
जिला मुख्यालय का दर्जा केवल बोर्ड पर नहीं दिखना चाहिए…
किसी भी शहर को जिला घोषित करना प्रशासनिक निर्णय होता है,लेकिन जिला मुख्यालय जैसी पहचान केवल सरकारी अधिसूचना से नहीं बनती,उसके लिए चाहिए—चौड़ी सड़कें,सुव्यवस्थित यातायात,पार्किंग व्यवस्था,अतिक्रमण मुक्त मार्ग,सुरक्षित पैदल रास्ते,और भविष्य को ध्यान में रखकर बनाई गई विकास योजना,यदि ये सब नहीं हैं तो जिला मुख्यालय का दर्जा केवल बोर्ड और दस्तावेजों में दिखाई देता है,जमीन पर नहीं।
अंतिम सवाल: जिला बनने का जश्न कब तक?
मनेन्द्रगढ़ ने जिला बनने का सपना देखा था,वह सपना पूरा हो गया,लेकिन आज एक नया सपना शहर की आंखों में दिखाई देता है, वह सपना है ऐसी सड़कों का जिन पर एम्बुलेंस बिना रुके निकल सके, ऐसे बाजार का जहां ग्राहक परेशान न हो,ऐसी यातायात व्यवस्था का जहां जाम अपवाद हो,नियम नहीं, और ऐसे विकास का जिसमें जिला मुख्यालय की पहचान केवल नाम में नहीं बल्कि व्यवस्था में भी दिखाई दे,आज मनेन्द्रगढ़ के लोग फिर एक सवाल पूछ रहे हैं—साहब,जिला बनने का जश्न तो हम मना चुके…अब बताइए,सड़कें कब चौड़ी होंगी? क्योंकि शहर का धैर्य अब जवाब मांग रहा है,और विकास की असली परीक्षा किसी भवन के उद्घाटन में नहीं,बल्कि उस सड़क पर होती है जिस पर आम नागरिक रोज चलता है। मनेन्द्रगढ़ की सड़कें आज भी उसी जवाब का इंतजार कर रही हैं।
व्यापारी भी खुश, ग्राहक भी परेशान…
मनेन्द्रगढ़ के बाजार की सबसे दिलचस्प तस्वीर यह है कि यहां हर कोई समस्या से परेशान है, लेकिन समाधान पर सहमति नहीं है,व्यापारी चाहते हैं कि ग्राहक आएं,ग्राहक चाहते हैं कि आसानी से पहुंच सकें,वाहन चालक चाहते हैं कि पार्किंग मिले,पैदल चलने वाले चाहते हैं कि रास्ता मिले, लेकिन जब सड़क चौड़ीकरण की बात आती है तो सब अपने-अपने हिस्से की सुविधा बचाने में लग जाते हैं,यह वैसा ही है जैसे कोई व्यक्ति रोज शिकायत करे कि घर में जगह कम है,लेकिन दीवार हटाने की बात आते ही विरोध करने लगे।
मनेन्द्रगढ़ का असली संघर्ष अब शुरू हुआ है…
जिला बनना मंजिल नहीं था,वह तो केवल पहला पड़ाव था,असली चुनौती अब शुरू हुई है,अब यह तय करना होगा कि मनेन्द्रगढ़ आने वाले 20 वर्षों का शहर बनेगा या पिछले 20 वर्षों की गलतियों को ढोता रहेगा,अब यह तय करना होगा कि विकास का मतलब केवल भवन निर्माण होगा या नागरिक सुविधाएं भी होंगी,अब यह तय करना होगा कि अतिक्रमण और अव्यवस्था को नियति मान लिया जाएगा या उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे।
जाम : शहर का नया स्थायी निवासी
मनेन्द्रगढ़ में यदि किसी चीज ने सबसे स्थायी रूप से निवास कर लिया है तो वह है जाम,सुबह स्कूल का समय,दोपहर बाजार का समय,शाम खरीदारी का समय,हर समय जाम मौजूद रहता है,ऐसा लगता है जैसे शहर का सबसे नियमित नागरिक अब ट्रैफिक जाम ही बन चुका है,लोगों ने भी इसे जीवन का हिस्सा मान लिया है,कोई हॉर्न बजाता है,कोई बाइक घुमाता है,कोई गाड़ी छोड़कर पैदल निकल जाता है,और प्रशासन समय-समय पर व्यवस्था सुधारने की कोशिश करता है,लेकिन समस्या की जड़ वहीं रहती है—संकरी सड़कें और बढ़ता दबाव।
22 साल बाद आया अवसर,लेकिन कहानी में नया मोड़ भी आया…
1 नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ राज्य बना,लोगों को उम्मीद थी कि अब शायद मनेन्द्रगढ़ की किस्मत बदलेगी,लेकिन फिर भी वर्षों तक कुछ नहीं हुआ,अंततः 9 सितंबर 2022 को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिला अस्तित्व में आया, शहर में उत्साह था, पटाखे फूटे, मिठाइयां बंटी,बधाइयां दी गईं,लेकिन कुछ लोगों ने उसी समय एक सवाल भी पूछा था—जिला तो बन गया,लेकिन क्या शहर जिला मुख्यालय बनने के लिए तैयार है? आज वही सवाल और बड़ा होकर सामने खड़ा दिखाई देता है।
जिले के नाम में पहला स्थान,विकास की दौड़ में आखिरी चिंता?
मनेन्द्रगढ़ जिले के नाम में सबसे पहले आता है,जिला मुख्यालय भी यहीं है,लेकिन आम नागरिकों के बीच अक्सर यह चर्चा सुनाई देती है कि जिले के नाम में भले ही मनेन्द्रगढ़ सबसे आगे हो,लेकिन विकास की चर्चा आते ही वह कहीं पीछे छूट जाता है, यह धारणा सही है या गलत,इसका फैसला जनता करेगी,लेकिन इतना जरूर है कि शहर के भीतर मौजूद समस्याएं इस भावना को जन्म देती हैं,यदि कोई जिला मुख्यालय बनने के बाद भी जाम,अतिक्रमण और संकरी सड़कों की समस्या से जूझ रहा हो,तो स्वाभाविक है कि लोग सवाल पूछेंगे।
मेडिकल कॉलेज आ गया,लेकिन मरीज जाम में फंस गए…
आज मनेन्द्रगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना हो रही है,यह निस्संदेह एक बड़ी उपलब्धि है, लेकिन विकास की सबसे बड़ी विडंबना यही है कि हम इमारतों पर चर्चा करते हैं,रास्तों पर नहीं,अस्पताल बनेंगे,कॉलेज बनेंगे,कार्यालय बढ़ेंगे,जनसंख्या बढ़ेगी, वाहन बढ़ेंगे,लेकिन क्या सड़कें भी बढ़ेंगी? यही वह सवाल है जिसका जवाब किसी के पास नहीं दिखाई देता,यदि एक मरीज को अस्पताल पहुंचने के लिए जाम में फंसना पड़े तो मेडिकल कॉलेज का महत्व कम नहीं होता,लेकिन व्यवस्था पर सवाल जरूर खड़े हो जाते हैं।
पीडब्ल्यूडी तिराहा से स्टेशन रोड तक : विकास का सबसे बड़ा आईना…
यदि कोई मनेन्द्रगढ़ की वास्तविक स्थिति समझना चाहता है तो उसे पीडब्ल्यूडी तिराहा से स्टेशन रोड तक का सफर करना चाहिए,यह सड़क केवल सड़क नहीं है,बल्कि शहर की योजना,प्रशासनिक इच्छाशक्ति और विकास की प्राथमिकताओं का आईना है,जहां कभी भविष्य के लिए पर्याप्त जगह छोड़ी जा सकती थी,वहां आज अतिक्रमण, अव्यवस्था और भीड़ का दबाव दिखाई देता है,हर चुनाव में विकास की बातें होती हैं, हर मंच पर शहर को आगे बढ़ाने की बातें होती हैं,लेकिन सड़कें वहीं की वहीं हैं,ऐसा लगता है जैसे सड़कों ने भी यह तय कर लिया हो कि जब तक राजनीति आगे नहीं बढ़ेगी,हम भी आगे नहीं बढ़ेंगे।


Share

Check Also

अम्बिकापुर/पटना@विवाहिता की मौत के बाद विवाद,पिता ने पति पर लगाया जबरन जहर खिलाने का आरोप

Share -संवाददाता-अम्बिकापुर/पटना,12 जून 2026 (घटती-घटना)। कोरिया जिले की एक विवाहिता की कीटनाशक सेवन से मौत …

Leave a Reply