1930 हेल्पलाइन और साइबर पोर्टल पर शिकायत की प्रक्रिया समझाई, प्रश्नोत्तर सत्र में दूर की शंकाएं
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। साइबर अपराधों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पुलिस लाइन अंबिकापुर में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में साइबर वॉलंटियर्स एवं पुलिस मितान टीम ने छात्रों को ऑनलाइन ठगी से बचाव के व्यावहारिक उपाय बताए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को ऑनलाइन फ्रॉड, ओटीपी किसी के साथ साझा नहीं करने, हनी ट्रैप, डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश योजनाओं, सोशल मीडिया धोखाधड़ी, साइबर बुलिंग, फिशिंग लिंक, फर्जी कॉल एवं मैसेज तथा बैंकिंग फ्रॉड से सतर्क रहने की जानकारी दी गई। साथ ही साइबर अपराध होने पर राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया भी समझाई गई। छात्राओं को आत्मरक्षा के लिए पेपर स्प्रे के सुरक्षित एवं आवश्यक उपयोग की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम को संवादात्मक बनाने के लिए प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से जुड़े सवाल पूछे। पुलिस टीम ने सरल उदाहरणों के माध्यम से उनकी शंकाओं का समाधान करते हुए सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य विकास जोशी, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी, साइबर वॉलंटियर्स और पुलिस मितान टीम के सदस्य उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur