प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी अनूप सतपथी ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के कर्मचारियों को किया सम्मानित, बिलासपुर मंडल के कर्मियों का रहा दबदबा
बिलासपुर 29 जुलाई 2026 । दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में सुरक्षित रेल परिचालन सुनिश्चित करने वाले कर्मचारियों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया। महाप्रबंधक स्तर पर आयोजित मासिक संरक्षा बैठक के दौरान प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी अनूप सतपथी ने विभिन्न मंडलों के सात कर्मचारियों को प्रशस्ति देकर सम्मानित किया। इन कर्मचारियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से कई संभावित रेल दुर्घटनाएं टल गईं तथा ट्रेनों का सुरक्षित संचालन सुनिश्चित हो सका।
सम्मानित कर्मचारियों में सर्वाधिक पांच कर्मचारी बिलासपुर मंडल के रहे, जबकि दो कर्मचारी नागपुर मंडल से शामिल थे। अधिकारियों ने कहा कि रेल सुरक्षा केवल तकनीकी व्यवस्था पर नहीं, बल्कि कर्मचारियों की सजगता, जिम्मेदारी और त्वरित निर्णय क्षमता पर भी निर्भर करती है।
इन कर्मचारियों की सतर्कता बनी मिसाल
हरद स्टेशन पर पदस्थ यातायात सहायक-१ दीपक कुमार सिंह ने ड्यूटी के दौरान एक मालगाड़ी के वैगन से असामान्य आवाज सुनकर अधिकारियों को सूचना दी। जांच में वैगन का फ्लैट टायर मिला, जिसे समय रहते सुधारकर ट्रेन का सुरक्षित संचालन कराया गया।
बधवाबारा स्टेशन के यातायात सहायक-१ कल्याण प्रसाद ने गुजर रही मालगाड़ी के एक वैगन में फ्लैट टायर की पहचान कर तत्काल सूचना दी। समय पर कार्रवाई से संभावित दुर्घटना टल गई।
शहडोल के लोको पायलट (गुड्स) अजय कुमार सिंह का साहस विशेष रूप से सराहा गया। ड्यूटी के दौरान गायों के झुंड से टकराने के बाद ब्रेक पाइप अलग हो गया था। दुर्गम जोहिला ब्रिज के बीच जोखिम उठाते हुए उन्होंने वैगनों के नीचे पहुंचकर पाइप को दोबारा जोड़ा और मात्र ३५ मिनट में सेक्शन चालू करा दिया। उनकी तत्परता से लंबा रेल अवरोध और बड़ी दुर्घटना टल गई।
वरिष्ठ ट्रेन मैनेजर (गुड्स) संतोष कुमार यादव ने नैला स्टेशन के पास गुजर रही गीतांजलि एक्सप्रेस के एक वैगन में आग और धुआं उठता देखा। उन्होंने तुरंत स्टेशन मास्टर को सूचना दी, जिसके बाद जांच में हॉट एक्सल मिलने पर आवश्यक कार्रवाई कर ट्रेन को सुरक्षित किया गया।
टेंगनमाड़ा स्टेशन के यातायात सहायक-२ शुभम गुप्ता ने मालगाड़ी के एक वैगन में हॉट एक्सल देखकर तुरंत लाल सिग्नल दिखाया और स्टेशन मास्टर तथा ट्रेन मैनेजर को सूचित किया। उनकी सतर्कता से संभावित हादसा टल गया।
नागपुर मंडल के कर्मचारियों को भी मिला सम्मान
गोंदिया के तकनीशियन-१ (यांत्रिक) सुरेश लक्ष्मण चौधरी ने रौलिंग पॉइंट से गुजरती मालगाड़ी के ४३वें वैगन में हॉट एक्सल की पहचान कर समय रहते सूचना दी, जिससे आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की जा सकी।
वहीं तकनीशियन-२ गजेंद्र यादव ने मालगाड़ी के रेक परीक्षण के दौरान २२वें वैगन की सेंटर पिवट टॉप प्लेट टूटी हुई पाई। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिससे संभावित बड़ी तकनीकी दुर्घटना टाल दी गई।
सुरक्षित रेल परिचालन में कर्मचारियों की भूमिका अहम
प्रधान मुख्य संरक्षा अधिकारी ने कहा कि रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। कर्मचारियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा और समय पर लिए गए निर्णय यात्रियों और मालगाड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने सभी रेल कर्मचारियों से इसी तरह सजगता के साथ कार्य करने का आह्वान किया। सम्मान समारोह में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी एवं बड़ी संख्या में रेल कर्मचारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur