कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। संयुक्त मंच के आह्वान पर मंगलवार को सरगुजा जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं ने पांच सूत्रीय मांगों को लेकर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर शासन से मांगों पर जल्द निर्णय लेने की अपील की गई। प्रदर्शन के बाद कलेक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिका संयुक्त मंच के बैनर तले आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और सहायिकाएं शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को गांव-गांव तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है, लेकिन लंबे समय से उनके अधिकार, मानदेय और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मुद्दे लंबित हैं। ज्ञापन में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियमित करने की मांग की गई है। साथ ही कार्यकर्ताओं को सुपरवाइजर और सहायिकाओं को कार्यकर्ता के पद पर सीधे पदोन्नति देने की मांग रखी गई। इसके अलावा समूह बीमा, पेंशन, ग्रेच्युटी और भविष्य निधि (पीएफ) की सुविधा उपलब्ध कराने की मांग की गई। संयुक्त मंच ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता या सहायिका की आकस्मिक मृत्यु होने पर परिवार के सदस्य को तत्काल अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग भी उठाई। वहीं, सेवानिवृत्ति पर कार्यकर्ताओं को पांच लाख और सहायिकाओं को तीन लाख रुपए की राशि तत्काल देने की मांग की गई। पांचवीं मांग में मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रतिवर्ष मानदेय में एक हजार रुपए की वृद्धि करने की बात कही गई।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी : संघ की प्रांताध्यक्ष कविता यादव ने कहा कि आंदोलन किसी एक संगठन का नहीं, बल्कि कार्यकर्ता-सहायिकाओं के अधिकार और सम्मान की साझा लड़ाई है। उन्होंने शासन से मांगों पर गंभीरता से विचार कर समयबद्ध निर्णय लेने की अपील की। सरगुजा जिलाध्यक्ष अंजू सरकार ने कहा कि जिले की आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाएं अपने अधिकारों के लिए एकजुट हैं। जिला सचिव लीलावती राजवाड़े और जिला उपाध्यक्ष रानी यादव ने भी मांगों पर सकारात्मक पहल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो लोकतांत्रिक तरीके से चरणबद्ध आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur