समय-सीमा की बैठक में योजनाओं की समीक्षा,अपार आईडी का कार्य लंबित होने पर कलेक्टर ने जताई नाराजगी
-संवाददाता-
कोरिया, 27 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का समय पर एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। साथ ही सेवा सेतु, जनदर्शन और अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय-सीमा में समुचित निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को ‘सुघ्घर छत्तीसगढ़’ पोर्टल पर जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कृषि एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ किसान सम्मान निधि के पंजीयन कार्य को गंभीरता से पूरा करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री की घोषणाओं से संबंधित कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन कार्यों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने न्यायालयीन प्रकरणों में समय पर जवाब-दावा प्रस्तुत करने को कहा, ताकि प्रकरणों के निराकरण में विलंब न हो।
जन्म प्रमाण पत्र बनवाने में पालकों को न हो अनावश्यक परेशानी
कलेक्टर ने स्कूली बच्चों के जन्म प्रमाण पत्र बनाने में लेटलतीफी पर संबंधित जिम्मेदारों के विरुद्ध कार्रवाई की बात कही। उन्होंने स्पष्ट किया कि जन्म प्रमाण पत्र बनवाने के लिए किसी भी पालक को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला शिक्षा अधिकारी को इस कार्य को गंभीरता से कराने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की अपार आईडी बनाने एवं दर्ज करने का कार्य लंबित होने पर कलेक्टर ने जिला शिक्षा अधिकारी से नाराजगी व्यक्त की और कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूलों का नियमित निरीक्षण कर विद्यार्थियों की पढ़ाई की स्थिति का जायजा लेने तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित शिक्षकों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
’अप्रारंभ पीएम आवासों का निर्माण शुरू कराएं, अधूरे आवास जल्द करें पूर्ण’
प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने जनपद पंचायत बैकुंठपुर और सोनहत के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों से स्वीकृत आवासों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अप्रारंभ आवासों का निर्माण तत्काल शुरू कराने तथा अधूरे आवासों को शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने जनपद सीईओ को गांवों में जाकर निर्माण कार्यों की प्रगति का आकलन करने तथा हितग्राहियों, सरपंचों और पंचायत सचिवों से समन्वय स्थापित कर आवासों को समय पर पूर्ण कराने को कहा। नगरीय निकायों के अधिकारियों को भी आवास निर्माण का नियमित निरीक्षण करने और हितग्राहियों से चर्चा कर निर्माण में आ रही बाधाओं का निराकरण कराने के निर्देश दिए।
नशे में वाहन चलाने और ओवरलोडिंग पर करें कार्रवाई
कलेक्टर श्रीमती यादव ने जिला परिवहन अधिकारी को बसों,ऑटो सहित यात्री वाहनों की नियमित जांच करने तथा क्षमता से अधिक सवारी बैठाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने पुलिस एवं परिवहन विभाग के अधिकारियों को शराब अथवा अन्य मादक पदार्थों के सेवन के बाद वाहन चलाने वालों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही तेज गति और लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध भी कार्रवाई के निर्देश दिए।
नल-जल योजना के अपूर्ण कार्य शीघ्र पूरे कराएं
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की नल-जल योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। पीएम सूर्य घर योजना के तहत जिले के अधिक से अधिक लोगों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी से पेंशन प्रकरणों की स्थिति की भी जानकारी ली।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री योगेंद्र श्रीवास, अपर कलेक्टर श्री डी. डी. मंडावी सहित विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur