रायपुर,27 अक्टूबर 2026 । छत्तीसगढ़ के कई जिलों में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की टीम ने मंगलवार को छापेमारी की। यह कार्रवाई रायपुर के पंडरी इलाके के रवि नगर स्थित सुशील विला में हुई। सुबह कारोबारी नितिन डागा के घर दो गाडि़यों में पहुंची टीम ने कई डॉक्यूमेंट्स की जांच की। इसके अलावा दुर्ग की ऋषभ कॉलोनी में बघेल्स कॉर्पोरेट के फाउंडर और ठगी के आरोपी गुलशन बघेल के घर ईडी की टीम ने दबिश दी। टीम दो गाडि़यों में पहुंची, जिसमें 10 से ज्यादा अधिकारी शामिल थे। यह कार्रवाई भारतमाला प्रोजेक्ट से जुड़े मामले में होने की आशंका है। हालांकि,आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। गुलशन बघेल, बघेल्स कॉर्पोरेट प्राइवेट लिमिटेड के फाउंडर हैं। कंपनी बिल्डिंग निर्माण, सड़क निर्माण,अर्थवर्क,मटेरियल हैंडलिंग और ट्रांसपोर्ट सेवाओं से जुड़े काम करती है। कंपनी सरकारी और निजी क्षेत्र की निर्माण परियोजनाओं में भी काम करती है। करीब 6 साल पहले गुलशन बघेल पर खुद को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का भतीजा बताकर सरकारी नौकरी लगवाने का दावा करने और एक महिला से ठगी करने के आरोप में पुलिस ने पकड़ा था। रायपुर के पंडरी स्थित रवि नगर में मंगलवार सुबह करीब 4 बजे ईडी ने नितिन डागा के घर छापेमारी की। दो गाडि़यों में पहुंचे आधा दर्जन अधिकारियों ने दस्तावेजों की जांच की। नितिन डागा का ज्वेलरी और जमीन का कारोबार बताया जा रहा है। फिलहाल ईडी की यह कार्रवाई किस मामले से जुड़ी है,इसे लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। जांच का दायरा और कार्रवाई से जुड़े अन्य विवरण भी स्पष्ट नहीं हैं। मामले में आधिकारिक जानकारी मिलने के बाद ही स्थिति साफ हो सकेगी।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur