Breaking News

अम्बिकापुर@ बाबा कार्तिक उरांव की प्रतिमा का होगा अनावरण, सीएम व केन्द्रीय मंत्री होंगे शामिल

Share


कला केंद्र मैदान से निकलेगी नगर शोभायात्रा
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,27 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
जनजातीय समाज के महान शिक्षाविद् और समाज सुधारक पंखराज साहेब बाबा कार्तिक उरांव की जन्म शताब्दी के अवसर पर गुरुवार को अंबिकापुर में उनकी आदमकद प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल उरांव सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक पदाधिकारी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर बाबा कार्तिक उरांव जन्म शताब्दी समारोह आयोजन समिति और नगर निगम ने तैयारियां की हैं। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे कला केंद्र मैदान में जनजातीय समाज के लोगों के एकत्रीकरण के साथ होगी। सुबह 11 बजे यहां से नगर शोभायात्रा निकाली जाएगी। शोभायात्रा गांधी चौक, घड़ी चौक, संगम चौक, महामाया चौक, गुदरी चौक और जोड़ा पीपल चौक होते हुए बाबा कार्तिक उरांव चौक पहुंचेगी। यहां अतिथियों द्वारा प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। इसके बाद शोभायात्रा पुनः कला केंद्र मैदान पहुंचेगी। प्रतिमा अनावरण के बाद कला केंद्र मैदान में मुख्य मंचीय कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें जनजातीय समाज की लोकसंस्कृति और पारंपरिक नृत्यों की प्रस्तुतियां होंगी। वक्ता बाबा कार्तिक उरांव के संघर्ष, शिक्षा, सामाजिक स्वाभिमान, सांस्कृतिक अस्मिता और संवैधानिक अधिकारों पर विचार रखेंगे। कार्यक्रम शाम 5 बजे तक चलेगा। समारोह में राज्य मंत्रिमंडल के मंत्री रामविचार नेताम, केदार कश्यप, ओपी चौधरी, लक्ष्मी राजवाड़े,श्याम बिहारी जायसवाल और राजेश अग्रवाल सहित सांसद चिंतामणि महाराज, अन्य जनप्रतिनिधि और जनजातीय समाज के पदाधिकारी शामिल होंगे। उक्त जानकारी बाबा कार्तिक उरांव जन्म शताब्दी समारोह आयोजन समिति के महासचिव इन्दर भगत ने दी है।


Share

Check Also

सूरजपुर@ वोट रक्षक और चारपाई चौपाल से गांव के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी कांग्रेस

Share वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत सूरजपुर में पत्रकार वार्ता,मतदाता सूची की पारदर्शिता और …

Leave a Reply