Breaking News

अम्बिकापुर@कांग्रेस ने सीतापुर ज्वेलर्स उठाईगिरी मामले में एसपी को लिखा पत्र

Share


शीघ्र कार्रवाई और पीडि़त को राहत देने की मांग

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर स्थित काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स में 26 जुलाई को दिनदहाड़े लगभग 1 करोड़ रुपये के आभूषणों की उठाईगिरी के मामले में जिला कांग्रेस कमेटी सरगुजा के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने पुलिस अधीक्षक सरगुजा को पत्र लिखकर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी एवं पीडि़त व्यवसायी को तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है। पत्र के अनुसार,26 जुलाई की सुबह लगभग 11 बजे काशी विश्वनाथ ज्वेलर्स के संचालक अरुण देव सोनी अपनी दुकान का शटर खोल रहे थे। इसी दौरान चार अज्ञात बदमाशों ने कथित रूप से आभूषणों से भरे बैग को बड़ी सफाई से पार कर दिया। बताया गया है कि बैग में करीब 1 करोड़ रुपये मूल्य के गहने रखे हुए थे। इस घटना की जानकारी सरगुजा जिला पिछड़ा वर्ग कांग्रेस के जिलाध्यक्ष ईश्वर सोनी ने जिला कांग्रेस अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक को दी और मामले में हस्तक्षेप करने का आग्रह किया। इसके बाद कांग्रेस अध्यक्ष ने पुलिस अधीक्षक को पत्र भेजकर त्वरित कार्रवाई की मांग की। बालकृष्ण पाठक ने कहा कि जिले के आभूषण व्यवसायी पहले से ही चोरी और सुरक्षा संबंधी आशंकाओं के चलते प्रतिदिन अपने मूल्यवान आभूषण दुकान से घर और घर से दुकान लाने-ले जाने को मजबूर हैं। ऐसे में दिनदहाड़े इस प्रकार की उठाईगिरी की घटना ने व्यापारियों में भय और असुरक्षा की भावना को और बढ़ा दिया है। उन्होंने मांग की कि मामले के आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए,पीडि़त व्यवसायी को आवश्यक राहत प्रदान की जाए तथा व्यापारियों का पुलिस और शासन पर विश्वास बहाल करने के लिए ठोस एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए। कांग्रेस का कहना है कि इस तरह की घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई से ही व्यवसायियों में सुरक्षा का भरोसा कायम हो सकेगा।


Share

Check Also

बिलासपुर@40 साल… एक सुपरस्टार, एक दीवानाः बिलासपुर के चुट्टू अवस्थी ने संजय दत्त के जन्मदिन को बनाया सेवा का उत्सव

Share 1986 में लिया था संकल्प, 40 वर्षों से बिना रुके मना रहे हैं संजू …

Leave a Reply