Breaking News

अंबिकापुर@प्रयास विद्यालय में माहवारी स्वच्छता और तनाव प्रबंधन पर जागरूकता कार्यक्रम

Share

200 छात्राओं को विशेषज्ञ ने दिए स्वास्थ्य, पोषण और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के महत्वपूर्ण टिप्स

अम्बिकापुर,29 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। किशोरियों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही छात्राओं को मानसिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से संकल्प हेल्थ फाउंडेशन एवं संकल्प हॉस्पिटल, अंबिकापुर के संयुक्त तत्वावधान में प्रयास आवासीय विद्यालय, घंघरी में माहवारी स्वच्छता एवं तनाव प्रबंधन पर विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 200 छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता वरिष्ठ स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अंकिता गोयल ने किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, संतुलित पोषण और पेरिनियल हाइजीन के महत्व की वैज्ञानिक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि माहवारी एक सामान्य जैविक प्रक्रिया है और इससे जुड़े मिथकों के बजाय सही जानकारी अपनाना आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को समय-समय पर सैनिटरी पैड बदलने, साफ एवं सूती अंतःवस्त्र पहनने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा संक्रमण के लक्षण दिखाई देने पर बिना संकोच चिकित्सकीय सलाह लेने की प्रेरणा दी।
डॉ. गोयल ने कहा कि उचित स्वच्छता और पौष्टिक भोजन अपनाकर अनेक स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने आयरन एवं पोषक तत्वों से भरपूर संतुलित आहार लेने पर भी विशेष जोर दिया।

NEET-JEE की तैयारी कर रहीं छात्राओं को दिए सफलता के मंत्र
प्रयास आवासीय विद्यालय की अधिकांश छात्राएँ NEET एवं JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। इसे ध्यान में रखते हुए डॉ. अंकिता गोयल ने तनाव प्रबंधन, समय प्रबंधन, सकारात्मक सोच, पर्याप्त नींद, नियमित अध्ययन और योग के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने अपने विद्यार्थी जीवन और चिकित्सकीय अनुभव साझा करते हुए छात्राओं को आत्मविश्वास बनाए रखने, लक्ष्य पर केंद्रित रहने और निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने माहवारी, पोषण, व्यक्तिगत स्वच्छता, मानसिक तनाव और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी से जुड़े कई प्रश्न पूछे। डॉ. गोयल ने सभी प्रश्नों के सरल, वैज्ञानिक और व्यवहारिक उत्तर देकर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।

स्वास्थ्य जागरूकता से मिलेगा आत्मविश्वास
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के प्राचार्य ओमप्रकाश साहू ने संकल्प हेल्थ फाउंडेशन एवं संकल्प हॉस्पिटल का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम किशोरियों के शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विशेष रूप से डॉ. अंकिता गोयल का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए छात्राओं से कार्यक्रम में दी गई सीख को अपने दैनिक जीवन में अपनाने और अन्य लोगों तक भी सही जानकारी पहुंचाने का आग्रह किया।


Share

Check Also

बिलासपुर@40 साल… एक सुपरस्टार, एक दीवानाः बिलासपुर के चुट्टू अवस्थी ने संजय दत्त के जन्मदिन को बनाया सेवा का उत्सव

Share 1986 में लिया था संकल्प, 40 वर्षों से बिना रुके मना रहे हैं संजू …

Leave a Reply