Breaking News

अम्बिकापुर@अभिभावक की शिकायत पर शिक्षा विभाग हरकत में,डीईओ ने जांच क ा दिया आदेश

Share

-संवाददाता-
अम्बिकापुर,29 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर के ग्राम सरगवां स्थित बिरला ओपन माइंड इंटरनेशनल स्कूल में अनुशासन बनाए रखने के लिए दी गई कथित सजा विवादों में आ गई है। स्कूल की एक शिक्षिका पर आरोप है कि उन्होंने कक्षा 8वीं के छात्र को हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार मां की गाली लिखने का दंड दिया। छात्र के पिता ने इसे मानसिक प्रताडऩा बताते हुए जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) से शिकायत की है। मामले को गंभीर मानते हुए शिक्षा विभाग ने जांच शुरू करा दी है। जानकारी के अनुसार 28 जुलाई को कक्षा 8वीं के दो छात्रों के बीच मारपीट और गाली-गलौज हुई थी। आरोप है कि इसके बाद शिक्षिका प्रेरणा ने एक छात्र को दंड स्वरूप हिंदी और अंग्रेजी में 100-100 बार वही गाली लिखने के लिए कहा। इतना ही नहीं,छात्र को वह कॉपी अपने माता-पिता को दिखाकर उनके हस्ताक्षर कराकर लाने का भी निर्देश दिया गया। जब छात्र ने कॉपी घर पर दिखाई तो परिजन हैरान रह गए। छात्र के पिता ने जिला शिक्षा अधिकारी से शिकायत करते हुए कहा कि यदि बच्चे से गलती हुई थी तो उसे समझाना शिक्षक का दायित्व था,न कि उससे बार-बार गाली लिखवाना। उनका कहना है कि इस तरह की सजा से बच्चा गाली भूलने के बजाय उसे बार-बार दोहराने के लिए मजबूर हुआ। उन्होंने इसे शिक्षा के मूल उद्देश्य के विपरीत बताते हुए संबंधित शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग की है। छात्र संगठनों ने भी मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग उठाई है।
जांच के बाद होगी कार्रवाई : जिला शिक्षा अधिकारी दिनेश झा ने बताया कि शिकायत उनके संज्ञान में आई है। मामले की जांच के लिए सहायक संचालक को स्कूल भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद तथ्यों के आधार पर उचित कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि शिकायत सही पाई जाती है तो बच्चों को इस प्रकार की सजा देना स्वीकार्य नहीं है और संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।


Share

Check Also

बिलासपुर@40 साल… एक सुपरस्टार, एक दीवानाः बिलासपुर के चुट्टू अवस्थी ने संजय दत्त के जन्मदिन को बनाया सेवा का उत्सव

Share 1986 में लिया था संकल्प, 40 वर्षों से बिना रुके मना रहे हैं संजू …

Leave a Reply