Breaking News

मनेन्द्रगढ़@ सुपर कॉप का सुपर जुगाड़ में प्रमोशन की सीढ़ी या सिस्टम की सीढ़ीदार चोरी?

Share

  • सुपर कॉप का सुपर प्रमोशन मॉड में वर्दी में ‘मैनेजमेंट गुरु’ या सिस्टम का सबसे बड़ा खिलाड़ी?
  • , मनेन्द्रगढ़ की गलियों में घूमती कहानी और वर्दी के भीतर पलता ‘जुगाड़ तंत्र’
  • सुपर कॉप का सुपर जुगाड़ वर्दी में वसूली,प्रमोशन में सेटिंग!
  • पहले वसूली, फिर ड्यूटी,एएसआई बनने का ‘सुपर कॉप मॉडल’!
  • कोरिया से एमसीबी तक प्रमोशन की सीढ़ी या जुगाड़ का पुल?
  • वर्दी के भीतर का ‘मैनेजमेंट गुरु’ सूची में ऊपर आने का मास्टर प्लान!
  • सहानुभूति,सेटिंग और सुपर कॉप का प्रमोशन का नया फार्मूला चर्चा में वायरल!
  • थाने का सुपर खिलाड़ी जहां हफ्ता ही असली योग्यता बन गया!
  • एएसआई बनने की ऐसी भूख कि सिस्टम भी पड़ गया कमजोर!
  • सुपर कॉप का खेल ईमानदार पीछे,जुगाड़ वाले आगे!
  • मनेन्द्रगढ़ मॉडल में पहले हिस्सा पहुंचाओ,फिर कानून चलाओ!
  • वर्दी,वसूली और वायरल चर्चाएं,आखिर किसके संरक्षण में चल रहा खेल?


-रवि सिंह-
मनेन्द्रगढ़,27 मई 2026(घटती-घटना)।
मनेन्द्रगढ़ की शाम इन दिनों बड़ी दिलचस्प हो चली है, पान ठेलों पर तंबाकू कम घुल रहा है और चर्चाएं ज्यादा,चाय दुकानों में दूध से ज्यादा सूत्र उबल रहे हैं, लोग क्रिकेट,महंगाई और मौसम छोड़ अब पुलिस विभाग के उस सुपर कॉप की कहानी सुनाने में लगे हैं, जिसने कथित तौर पर प्रधान आरक्षक से एएसआई बनने के लिए ऐसा मास्टर प्लान बनाया कि कॉर्पोरेट कंपनियों के एचआर विभाग भी नोट्स लेने बैठ जाएं, कहानी में ट्विस्ट भी है,ड्रामा भी, सहानुभूति भी, अफवाह भी और सबसे महत्वपूर्ण जुगाड़ तंत्र का ऐसा प्रयोग, जो बताता है कि सरकारी सिस्टम में फाइलें नियमों से कम और सेटिंग से ज्यादा चलती हैं,चर्चा यह है कि संबंधित कर्मचारी कोई साधारण खिलाड़ी नहीं है विभाग में उन्हें सुपर कॉप कहने वाले भी कम नहीं हैं,हालांकि यह सुपर शब्द बहादुरी के लिए इस्तेमाल हो रहा है या सुपर वसूली कौशल के लिए, यह जनता अभी तय नहीं कर पाई है।
कोरिया से जशपुर,फिर एमसीबी, ट्रांसफर नहीं,प्रमोशन यात्रा!
सूत्रों की मानें तो कहानी की शुरुआत तब हुई जब एक तत्कालीन आईजी ने इस कथित सुपर कॉप की कार्यशैली को समझ लिया,कहते हैं कि उनके कारनामों की फाइलें इतनी मोटी हो चुकी थीं कि विभागीय
अलमारी भी कराह उठी थी,नतीजा की कोरिया से जशपुर भेज दिया गया, लेकिन यहां कहानी खत्म नहीं हुई,बल्कि असली मैनेजमेंट स्किल यहीं से शुरू हुई, बताया जाता है कि आईजी बदलते ही जुगाड़ तंत्र एक्टिव हुआ,ऐसा नेटवर्क चला कि छह महीने के भीतर ही जनाब ने फिर वापसी कर ली और एमसीबी जिले में एंट्री मार दी,मानो ट्रांसफर आदेश नहीं, आईपीएल ऑक्शन चल रहा हो जहां खिलाड़ी अपनी पसंदीदा टीम में पहुंचने के लिए हर रणनीति अपनाता है,और यहां सबसे बड़ा सवाल यही है आखिर एमसीबी ही क्यों?
सारे पत्रकार मैनेज हैं यह बयान ज्यादा डरावना है…
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे खतरनाक हिस्सा वह कथित बयान है,जिसमें कहा गया कि सारे पत्रकार मैनेज हैं दो-तीन खबर छापते हैं तो उससे फर्क नहीं पड़ता यह सिर्फ एक बयान नहीं,यह सिस्टम की मानसिकता का एक्स-रे है,जब कोई अधिकारी या कर्मचारी इस आत्मविश्वास में आ जाए कि खबरें उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकतीं,तब समझ लीजिए कि उसे कहीं न कहीं संरक्षण का भरोसा है,और यही वह स्थिति है जहां लोकतंत्र का चौथा स्तंभ भी दबाव में दिखने लगता है,हालांकि यह भी सच है कि कुछ पत्रकार आज भी खबरें लिख रहे हैं,वे दबाव झेल रहे हैं, उपेक्षा झेल रहे हैं,लेकिन सवाल पूछना नहीं छोड़ रहे, वरना कई जगहों पर तो प्रेस नोट ही पत्रकारिता बन चुका है।


उच्च अधिकारी मौन क्यों?
अब सबसे बड़ा प्रश्न यही है की क्या वरिष्ठ अधिकारियों तक ये चर्चाएं नहीं पहुंच रहीं? अगर नहीं पहुंच रहीं,तो खुफिया तंत्र क्या कर रहा है? अगर पहुंच रही हैं, तो कार्रवाई क्यों नहीं हो रही? या फिर सिस्टम ने यह मान लिया है कि जब तक मामला वायरल न हो,तब तक सब सामान्य है? जनता की सबसे बड़ी परेशानी यही है कि कार्रवाई अक्सर तब होती है जब मामला हाथ से निकल चुका होता है, उससे पहले सबकुछ अंदरूनी जांच के नाम पर ठंडे बस्ते में रहता है।
मंत्री जी के जिले में यह हाल?
यह मामला इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है क्योंकि क्षेत्र मंत्री जी के प्रभाव वाले इलाके से जुड़ा माना जाता है,आम तौर पर जनता को लगता है कि जहां मंत्री का प्रभाव होगा,वहां प्रशासन ज्यादा सतर्क रहेगा,लेकिन अगर उसी इलाके में ऐसी चर्चाएं आम हो जाएं,तो विपक्ष को मुद्दा और जनता को निराशा दोनों मिल जाते हैं,लोग पूछ रहे हैं क्या मंत्री जी तक यह सब नहीं पहुंच रहा? अगर पहुंच रहा है तो कार्रवाई क्यों नहीं? और अगर नहीं पहुंच रहा,तो आखिर उनके आसपास सूचना तंत्र कर क्या रहा है?
चर्चा,अफवाह या सच्चाई?
यह पूरी खबर उन चर्चाओं पर आधारित है जो इन दिनों मनेन्द्रगढ़ और आसपास के इलाकों में तेजी से फैल रही हैं,इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं की जा सकती,लेकिन चर्चा इसलिए मजबूत हो जाती है क्योंकि लोग उदाहरण भी देने लगते हैं,जब किसी व्यक्ति की कार्यशैली पहले से विवादों में रही हो,तब उसके बारे में उड़ने वाली हर नई चर्चा लोगों को आसानी से सच लगने लगती है,यही वजह है कि अब लोग खुलेआम कहने लगे हैं जहां इतना धुआं है,वहां आग भी जरूर होगी।
वर्दी की चमक या सिस्टम का अंधेरा?
आखिर में सवाल सिर्फ एक कर्मचारी का नहीं है, सवाल उस सिस्टम का है जिसने ऐसे किरदारों को सुपर कॉप बनने का मौका दिया,अगर विभाग में ईमानदार और शांत कर्मचारी पीछे रह जाएंगे,और मैनेजमेंट विशेषज्ञ आगे बढ़ेंगे,तो आने वाले समय में पुलिस व्यवस्था सेवा से ज्यादा सौदेबाजी का केंद्र बन जाएगी,क्योंकि वर्दी की असली ताकत कानून होती है, लेकिन जब वर्दी की ताकत जुगाड़ बन जाए,तब जनता का भरोसा सबसे पहले मरता है,और जिस दिन जनता का भरोसा खत्म हो जाता है,उस दिन सिर्फ सिस्टम नहीं टूटता—लोकतंत्र भी कमजोर पड़ने लगता है।
एमसीबी नया जिला,नया मौका,पुराना खेल…
चर्चा यह है कि एमसीबी जिले को चुनने के पीछे भावनात्मक कारण नहीं, बल्कि गणितीय कारण थे,नया जिला, सीमित प्रतिस्पर्धा और प्रमोशन सूची में ऊपर पहुंचने की संभावना,सूत्र बताते हैं कि कुछ कर्मचारी इतने सीधे-साधे हैं कि उन्हें तीन-पांच से मतलब नहीं,वे न लॉबिंग करते हैं,न अधिकारियों के आसपास मंडराते हैं,न रोज सलामी की एक्स्ट्रा लेयर चढ़ाते हैं,ऐसे लोग प्रमोशन की दौड़ में अक्सर खुद ही पीछे रह जाते हैं, और यहीं सुपर कॉप का सुपर दिमाग सक्रिय हुआ,बताया जा रहा है कि गणित ऐसा बैठाया गया कि जो लोग चुप रहेंगे,उनका नंबर नीचे जाएगा और जो सिस्टम को समझते हैं,उनका नाम सूची में ऊपर चढ़ जाएगा, यानी विभागीय प्रमोशन सूची अब सेवा पुस्तिका से कम और रणनीतिक प्लानिंग डॉक्यूमेंट ज्यादा लगने लगी है।
मैं सब बेचकर जा रहा हूं ये सहानुभूति का सिनेमाई ट्रेलर
अब आते हैं कहानी के सबसे फिल्मी हिस्से पर,जब जनाब बैकुंठपुर से बोरिया-बिस्तर समेटकर निकले,तो चर्चा उड़ाई गई की मैं घर-द्वार बेच रहा हूं अब यहां नहीं आऊंगा कुछ लोगों ने आंखें नम कर लीं,कुछ ने अफसोस जताया,कुछ ने कहा देखो बेचारा कितना परेशान है,लेकिन जो लोग विभागीय राजनीति को समझते हैं,वे मुस्कुरा रहे थे,क्योंकि उन्हें पता था कि यह संवाद किसी दुःखी कर्मचारी का नहीं,बल्कि सहानुभूति प्रबंधन का हिस्सा भी हो सकता है,दरअसल,यह पुरानी तकनीक है पहले खुद को पीडि़त दिखाओ, फिर सिस्टम में जगह मजबूत करो,राजनीति में इसे इमोशनल कार्ड कहते हैं,विभागों में इसे सिंपैथी मैनेजमेंट कहा जाता है।
कोतवाली का नया मॉडल,पहले हिस्सा,फिर व्यवस्था
मनेन्द्रगढ़ में चर्चा सिर्फ प्रमोशन तक सीमित नहीं है,चर्चा उस कथित वसूली मॉडल की भी है,जिसने पुराने सिस्टम को आधुनिक बना दिया, पहले कहा जाता था कि हफ्ते में वसूली होती थी,अब चर्चा है कि मॉडल अपग्रेड हो गया है डेली कलेक्शन सिस्टम लागू है,यानी जैसे मोबाइल कंपनियां रोजाना डेटा प्लान देती हैं,वैसे ही अब अवैध कारोबारियों के लिए प्रतिदिन भुगतान योजना चल रही है,कहा जा रहा है कि दिन शुरू होने से पहले हिस्सा तय जगह पहुंचना चाहिए,उसके बाद काम चलेगा,यानी कानून अब किताबों से नहीं,भुगतान समय पर होने से संचालित हो रहा है,और यह सब इसलिए ताकि ऊपर किसी प्रकार का नुकसान न हो,अब चाहे अवैध कारोबार करने वाला डूब जाए,जनता परेशान हो जाए,लेकिन हिस्सेदारी की धारा बाधित नहीं होनी चाहिए।


Share

Check Also

अम्बिकापुर@ 04 जून को होगी प्री. डी.एल.एड. प्रवेश परीक्षा

Share जिले में 36 परीक्षा केंद्र बनाए गए 11841 अभ्यर्थी होंगे परीक्षा में शामिलअम्बिकापुर,27 मई …

Leave a Reply