अमेरा खदान क्षेत्र में ट्रकों से डीजल व सामान चोरी करने वाले गिरोह का सदस्य निकला आरोपी,अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी
-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा जिले की लखनपुर थाना पुलिस ने ट्रक से तिरपाल चोरी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया तिरपाल बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ पहले भी चोरी सहित अन्य गंभीर अपराध दर्ज हैं तथा वह अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रकों से डीजल एवं कीमती सामान चोरी की घटनाओं में सक्रिय रहा है। पुलिस के अनुसार झारखंड के गढ़वा जिले के बचनी निवासी फिरोज खान ने 6 जुलाई को थाना लखनपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 4 जुलाई की रात अमेरा खदान से कोयला लोड कर ट्रक क्रमांक ष्टत्र-15-ष्ठ॥-6832 से लौटते समय पुहपुटरा गांव के पास कुछ युवक मोटरसाइकिल से ट्रक का पीछा कर रहे थे। कुछ दूर आगे बढ़ने पर पीछे से आवाज आने पर ट्रक रोककर देखा तो ट्रक पर बंधा करीब 7 हजार रुपये कीमत का वाटरप्रूफ नीला तिरपाल गायब था। उन्होंने बाडूल और उसके साथियों पर तिरपाल चोरी कर मोटरसाइकिल से भागने का आरोप लगाया। रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान 15 जुलाई को अमेरा-चिलबिल क्षेत्र के ग्रामीणों ने संदिग्ध अवस्था में घूम रहे बाडूल उर्फ सर्वजीत उर्फ विवेक राजवाड़े (22 वर्ष),निवासी पुहपुटरा चिलबिलपारा को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर ट्रक से तिरपाल चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। आरोपी ने यह भी बताया कि वह अपने साथियों के साथ अमेरा खदान क्षेत्र से गुजरने वाले ट्रकों से डीजल और अन्य कीमती सामान चोरी कर कम कीमत में बेच देता था तथा रकम आपस में बांट लेते थे। आरोपी की निशानदेही पर नवापारा रोड के पास खेत की मेड़ के नीचे झाडि़यों में छिपाकर रखा गया चोरी का तिरपाल बरामद कर जब्त कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया। मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur