-संवाददाता-
अम्बिकापुर,16 जुलाई 2026 (घटती-घटना)। शहर में चेन स्नेचिंग की घटनाएं एक बार फिर सिर उठाने लगी हैं। इस बार बदमाशों ने ऐसी जगह वारदात को अंजाम दिया,जहां आमतौर पर लोग खुद को सबसे सुरक्षित मानते हैं। कोतवाली थाना के ठीक सामने स्थित जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय के मुख्य गेट पर गुरुवार दोपहर करीब 3.30 बजे बाइक सवार दो बदमाशों ने शिक्षा विभाग की सहायक संचालक के गले से सोने की चेन झपट ली और कुछ ही सेकंड में फरार हो गए। दिनदहाड़े और थाने से चंद कदम की दूरी पर हुई इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय में सहायक संचालक के पद पर पदस्थ पूनम तिवारी रोज की तरह गुरुवार को भी कार्यालय आई थीं। दोपहर में भोजन करने के लिए वह स्कूटी से घर गईं और करीब 3.30 बजे वापस कार्यालय लौटीं। उन्होंने कार्यालय के बाहर स्कूटी खड़ी की और जैसे ही मुख्य गेट की ओर बढ़ीं,पीछे से हेलमेट पहने बाइक सवार दो युवक पहुंचे। इससे पहले कि वह कुछ समझ पातीं, पीछे बैठे युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी तेज रफ्तार से थाना चौक होते हुए महामाया चौक की ओर फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास मौजूद लोग भी बदमाशों को पकड़ नहीं सके। पीडि़ता ने तत्काल कोतवाली पहुंचकर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज बना जांच का अहम आधार : वारदात डीईओ कार्यालय के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में दोनों आरोपी हेलमेट पहने बाइक से आते और वारदात के बाद भागते नजर आ रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों के कैमरों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है,ताकि बदमाशों के भागने का रूट पता लगाया जा सके।
थाने के सामने वारदात से बढ़ी चिंता : घटना का सबसे गंभीर पहलू यह है कि चेन स्नेचिंग कोतवाली थाना के सामने हुई। इससे पहले भी शहर में चेन स्नेचिंग और झपटमारी की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में थाने के सामने महिला अधिकारी को निशाना बनाए जाने से लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। कार्यालयीन समय में भी बदमाशों के बेखौफ होकर वारदात करने से यह साफ है कि अपराधियों में पुलिस का खौफ कम होता नजर आ रहा है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। शहर के प्रमुख मार्गों और चौक-चौराहों पर निगरानी बढ़ा दी गई है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur