Breaking News

बलरामपुर@मीडिया मैनेजमेंट” का महाभारत ने पंचायतों की पर्ची से निकला ‘वसूली तंत्र’, फिर वायरल हुआ पत्रकार का वीडियो और खुल गई राजपुर की अंदरूनी जंग!

Share

  • एक सूची जिसने राजपुर की पत्रकारिता, पंचायत और ‘प्रबंधन संस्कृति’ का चेहरा बेनकाब कर दिया
  • राजपुर में पंचायतों से ‘वसूली’ का आरोप, जवाब में सोशल मीडिया पर चरित्र हनन?
  • सूची लीक हुई तो खुली अंदरूनी जंग, खबर छपी तो वायरल हुआ पुराना वीडियो
  • पंचायत, पत्रकार और वायरल वीडियो, राजपुर में ‘मैनेजमेंट’ की लड़ाई सड़क पर
  • 5 हजार के ‘विज्ञापन’ से शुरू हुआ विवाद, अब थाने तक पहुंची पत्रकारों की जंग
  • “मीडिया वालों को पैसा देना पड़ता है…”—एक सूची ने खोल दी राजपुर की परतें
  • खबर छापी तो वीडियो वायरल! राजपुर में पत्रकारिता बनाम प्रतिशोध का मामला गरमाया
  • वसूली की सूची आई सामने, फिर शुरू हुआ फेसबुक युद्ध
  • पंचायतों से कथित वसूली का खुलासा करने वाले पत्रकार को बनाया गया निशाना?
  • राजपुर में खबरों का नया फॉर्मूला: “तू सूची खोल… मैं वीडियो खोलता हूं!”
  • यहां खबर कम, स्क्रीनशॉट और वायरल वीडियो ज्यादा चलते हैं!
  • लोकतंत्र का नया पैकेज: खबर छापो, वीडियो झेलो!
  • राजपुर की पत्रकारिता: प्रेस कार्ड एक हाथ में, वायरल क्लिप दूसरे हाथ में!

बलरामपुर 24 मई 2026 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद क्षेत्र में इन दिनों जो कुछ चल रहा है, वह किसी साधारण विवाद की कहानी नहीं, बल्कि सत्ता, सूचना, वसूली, प्रतिष्ठा और बदले की आग में पकती उस व्यवस्था का चेहरा है, जिसमें “मीडिया मैनेजमेंट” शब्द अब लोकतंत्र की आत्मा पर व्यंग्य जैसा लगने लगा है, मामला एक पुरानी सूची से शुरू हुआ, लेकिन अब यह सूची केवल कागज नहीं रही, बल्कि उसने पंचायत व्यवस्था, सचिव संघ, कुछ कथित पत्रकारों और सोशल मीडिया की जहरीली प्रतिस्पर्धा को एक साथ कटघरे में खड़ा कर दिया है।
कहानी की शुरुआत वर्ष 2022 से जुड़ी उस कथित सूची से होती है, जिसमें पंचायत सचिव संघ के माध्यम से ग्राम पंचायतों से विज्ञापन के नाम पर पांच-पांच हजार रुपये लेने का उल्लेख बताया गया, आरोप यह कि यह पैसा किसी सरकारी विज्ञापन अभियान का हिस्सा नहीं था, बल्कि कथित रूप से मीडिया मैनेजमेंट नामक उस देसी व्यवस्था का हिस्सा था, जहां खबर रोकने और खबर छापने के बीच दर तय होती है, सूत्रों का दावा है कि सचिव संघ के कुछ पदाधिकारी पंचायत सचिवों व सरपंचो पर दबाव बनाकर यह राशि एकत्र करते थे, पंचायतों से कहा जाता था कि मीडिया वालों को देना पड़ता है, नहीं तो पंचायतों की गड़बड़ियां अखबारों में आएंगी, यानी विकास कार्यों की फाइलें कम और समझदारी शुल्क ज्यादा जरूरी हो गया था।

जब सिस्टम का ही आदमी बन गया ‘व्हिसलब्लोअर’- मामले ने मोड़ तब लिया जब सचिव संघ के अंदर से ही एक व्यक्ति इस कथित व्यवस्था से परेशान हो गया, कहा जा रहा है कि उसी ने पूरी सूची एक पत्रकार तक पहुंचा दी, फिर क्या था, खबर छपी और राजपुर की राजनीतिक-सामाजिक गलियों में भूचाल आ गया, जो नाम अब तक बंद कमरों में फुसफुसाहट बनकर घूमते थे, वे सार्वजनिक चर्चा का हिस्सा बन गए, पंचायतों में सवाल उठने लगे कि आखिर सरकारी फंड से मीडिया मैनेजमेंट क्यों? और यदि पैसा दिया जा रहा था, तो बदले में क्या सेवा मिल रही थी? यहीं से शुरू हुई अंदरूनी लड़ाई, सूत्र बताते हैं कि इस पूरे खेल में पत्रकारों के भी अलग-अलग गुट सक्रिय थे। एक गुट ऐसा था जिसे कथित तौर पर इस वसूली व्यवस्था से लाभ मिलता था। दूसरा गुट उससे नाराज था, जैसे ही सूची सार्वजनिक हुई, वह विरोधी खेमे के हाथ लग गई। फिर शुरू हुआ आरोपों, छींटाकशी और चरित्र हनन का दौर।
खबर का जवाब खबर से नहीं, वायरल वीडियो से दिया गया?- आरोप है कि मीडिया मैनेजमेंट की खबर प्रकाशित होने के बाद कुछ लोगों ने पत्रकार से पुरानी दुश्मनी निकालने का रास्ता चुना, खबर का जवाब तथ्यों से नहीं, बल्कि सोशल मीडिया के हथियार से दिया गया, एक पत्रकार का पुराना निजी वीडियो, जिसमें वह कथित तौर पर नशे की अवस्था में दिखाई दे रहा था, फेसबुक पर वायरल कर दिया गया, बताया गया कि वीडियो वर्ष 2022 के किसी त्यौहार का था, जिसे बिना अनुमति रिकॉर्ड किया गया था, विडंबना देखिए…जो लोग पंचायतों से विज्ञापन लेने के आरोपों से घिरे थे, वे अचानक नैतिकता के पहरेदार बन बैठे, और जो पत्रकार कथित वसूली तंत्र उजागर कर रहा था, वह खुद सोशल मीडिया ट्रायल का शिकार बन गया, राजपुर में लोग तंज कसते नजर आए कि यहां खबरों का जवाब अब प्रेस कॉन्फ्रेंस से नहीं, फेसबुक रील और वायरल क्लिप से दिया जाता है।
फेसबुक की अदालत, जहां जज भी जनता और जल्लाद भी जनता- वीडियो वायरल होते ही सोशल मीडिया पर टिप्पणियों की बाढ़ आ गई, कुछ लोगों ने मजाक उड़ाया, कुछ ने नैतिकता का पाठ पढ़ाया, तो कुछ ने इसे सुनियोजित चरित्र हत्या बताया, शिकायतकर्ता पत्रकार का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद लगातार फोन आने लगे, परिचितों के बीच उपहास होने लगा, जिन संस्थाओं से वह जुड़ा है, वहां भी चर्चा होने लगी, आखिरकार मामला थाने तक पहुंचा, सबसे दिलचस्प पहलू यह बताया जा रहा है कि शिकायत की भनक लगते ही वीडियो फेसबुक से डिलीट कर दिया गया, लेकिन डिजिटल दुनिया की सच्चाई यही है—एक बार कोई चीज वायरल हो जाए, तो उसे हटाना ऐसा है जैसे आंधी में उड़ चुकी राख को मुट्ठी में भरने की कोशिश करना।
राजपुर का नया समीकरण, “तुम मेरी खबर रोको, मैं तुम्हारा वीडियो रोकूं”- इस पूरे घटनाक्रम ने एक भयावह तस्वीर पेश की है, यहां खबरें अब जनहित से ज्यादा व्यक्तिगत रिश्तों, गुटबाजी और दबाव की राजनीति में उलझती दिख रही हैं, स्थानीय लोग तंज में कहते सुने जा रहे हैं कि राजपुर में अब पत्रकारिता तीन हिस्सों में बंट चुकी है— एक वह जो खबर लिखता है, दूसरा वह जो खबर रुकवाता है, और तीसरा वह जो मौका मिलने पर वीडियो वायरल करता है, कथित सूची ने यह सवाल खड़ा कर दिया कि आखिर पंचायतों से पैसा लेकर मीडिया मैनेजमेंट का अधिकार किसने दिया? यदि यह केवल विज्ञापन था, तो उसका रिकॉर्ड कहां है? यदि नहीं था, तो फिर यह किस प्रकार की वसूली थी?
जनसंपर्क विभाग और प्रशासन पर भी उठे सवाल- मामला सामने आने के बाद सबसे बड़ा प्रश्न प्रशासन की भूमिका पर उठ रहा है, यदि वर्षों से पंचायतों से इस तरह राशि ली जा रही थी, तो क्या किसी अधिकारी को जानकारी नहीं थी? क्या जनपद स्तर पर यह सब बिना संरक्षण संभव था? जनपद पंचायत राजपुर के सीईओ ने जरूर कहा कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है और जांच कराई जाएगी। लेकिन जनता पूछ रही है यदि पंचायतों से सालों से पैसा जा रहा था, तो क्या प्रशासन सो रहा था या सबको सब पता था? सचिव संघ अध्यक्ष का पक्ष सामने नहीं आ सका, फोन रिसीव न होना भी अब चर्चा का विषय बन गया है।
पत्रकारिता बनाम निजी प्रतिशोध- यह पूरा प्रकरण केवल एक वायरल वीडियो या कथित वसूली सूची तक सीमित नहीं है, यह उस गिरते स्तर की कहानी है, जहां पत्रकारिता और व्यक्तिगत प्रतिशोध की रेखा धुंधली होती जा रही है, यदि किसी पत्रकार ने भ्रष्टाचार उजागर किया, तो उसका जवाब तथ्यों से दिया जाना चाहिए था, लेकिन यदि निजी वीडियो वायरल कर बदनाम करने की कोशिश हुई, तो यह न केवल अनैतिक बल्कि कानूनी रूप से भी गंभीर विषय है, वहीं दूसरी ओर यदि पंचायतों से वसूली के आरोप सही पाए जाते हैं, तो यह भी पत्रकारिता के माथे पर बड़ा दाग होगा।
सोशल मीडिया का ‘डिजिटल चौराहा’ और सार्वजनिक अपमान की संस्कृति- आज सोशल मीडिया ऐसा चौराहा बन चुका है, जहां लोग न्यायालय से पहले फैसला सुनाने लगते हैं, वीडियो देखते ही लोग जज बन जाते हैं, किसी की निजी स्थिति, मानसिक अवस्था या व्यक्तिगत गलती को मनोरंजन सामग्री बना दिया जाता है, राजपुर का यह मामला बताता है कि डिजिटल दुनिया में अब “प्रतिष्ठा” सबसे सस्ता हथियार बन चुकी है, कोई खबर लिखे तो वीडियो निकालो, कोई सवाल पूछे तो स्क्रीनशॉट वायरल करो, कोई विरोध करे तो सोशल मीडिया ट्रोलिंग शुरू कर दो।
कानून क्या कहता है?- कानूनी विशेषज्ञों के अनुसार किसी व्यक्ति का निजी वीडियो उसकी अनुमति के बिना सोशल मीडिया पर साझा करना आईटी एक्ट और भारतीय न्याय संहिता के तहत गंभीर मामला बन सकता है, यदि उद्देश्य सार्वजनिक अपमान या मानसिक प्रताड़ना हो, तो मानहानि और साइबर उत्पीड़न की धाराएं भी लागू हो सकती हैं, लेकिन सवाल केवल कानून का नहीं है, सवाल उस नैतिकता का भी है, जो अब धीरे-धीरे डिजिटल भीड़ में दम तोड़ती दिख रही है।
राजपुर की असली लड़ाई: खबर की या हिस्सेदारी की?- सबसे बड़ा सवाल यही है—क्या यह लड़ाई वास्तव में पत्रकारिता की है? या फिर यह उस हिस्सेदारी का युद्ध है, जिसमें कोई सूची लीक कर देता है, कोई खबर छाप देता है और कोई वीडियो वायरल कर देता है? स्थानीय चर्चाओं में अब यह तक कहा जा रहा है कि “राजपुर में खबर कम और खेमेबाजी ज्यादा चल रही है, यह टिप्पणी भले कटाक्ष हो, लेकिन वर्तमान घटनाक्रम ने इसे पूरी तरह निराधार भी नहीं छोड़ा।
अब नजर पुलिस और प्रशासन पर- फिलहाल शिकायत पुलिस तक पहुंच चुकी है, वायरल वीडियो हट चुका है, लेकिन विवाद और गहरा गया है, अब सबकी नजर इस बात पर है कि प्रशासन केवल औपचारिक जांच करेगा या वास्तव में पंचायतों से कथित वसूली, मीडिया मैनेजमेंट और डिजिटल मानहानि—तीनों पहलुओं की निष्पक्ष जांच होगी, यदि जांच निष्पक्ष हुई, तो यह मामला केवल राजपुर ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश में पंचायतों और स्थानीय पत्रकारिता के रिश्तों पर बड़ा सवाल खड़ा कर सकता है, और यदि मामला फिर फाइलों में दब गया… तो शायद अगली बार कोई नई सूची, नया वीडियो और नया विवाद फिर किसी फेसबुक पोस्ट से निकलकर जनता के मोबाइल तक पहुंच जाएगा।


Share

Check Also

कोरिया/एमसीबी@खाद वितरण में लापरवाही पर मुख्यमंत्री का बड़ा एक्शन,सहायक पंजीयक सहकारिता निलंबित

Share किसानों के हक पर डाका,आदिम जाति सेवा सहकारी समिति मर्यादित जिल्दा में 68 लाख …

Leave a Reply