-संवाददाता-
अम्बिकापुर,18 मई 2026 (घटती-घटना)। सरगुजा पुलिस ऑनलाइन सट्टा और साइबर फ्रॉड में इस्तेमाल हो रहे म्यूल अकाउंट के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है,लेकिन बड़ा सवाल अब भी कायम है कि आखिर इन अवैध कारोबारों को संचालित करने वाले मुख्य आकाओं तक पुलिस कब पहुंचेगी। छोटे खाता धारकों और बैंक अकाउंट बेचने वालों की गिरफ्तारी तो हो रही है,लेकिन करोड़ों के ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क को संचालित करने वाले मास्टरमाइंड अब भी पुलिस पकड़ से दूर हैं। इसी बीच गांधीनगर पुलिस ने एक और कार्रवाई करते हुए बैंक खातों की खरीदी-बिक्री कर ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टा रकम के लेनदेन में इस्तेमाल करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
1.80 करोड़ का ट्रांजेक्शन,बैंक ने दी सूचना : गांधीनगर थाना क्षेत्र निवासी वैभव सूर्यवंशी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि नवापारा निवासी सुमित सिंह और अनुज सिंह ने घर निर्माण के लिए पैसों के लेनदेन का बहाना बनाकर उसके नाम से आईडीबीआई बैंक में दो खाते खुलवाए। बाद में एटीएम कार्ड,चेकबुक और पासबुक अपने पास रख लिए। कुछ समय बाद वैभव को जानकारी मिली कि उसके एक खाते से करीब 80 लाख और दूसरे खाते से लगभग 1 करोड़ रुपए का ट्रांजेक्शन हुआ है। बैंक से सूचना मिलने के बाद उसने खाते बंद करवाए और थाना गांधीनगर में शिकायत दर्ज कराई।
पूछताछ में खुला सट्टा और फ्रॉड नेटवर्क का राज : पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज कर आरोपी अनुज सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अलग-अलग लोगों से बैंक खाते लेकर उनमें ऑनलाइन फ्रॉड और सट्टा का पैसा ट्रांसफर कराता था। पुलिस ने आरोपी अनुज सिंह निवासी नवापारा को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में सुमित सिंह को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।
साइबर सेल की भूमिका पर भी उठ रहे सवाल : लगातार सामने आ रहे करोड़ों के ट्रांजेक्शन और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क के बावजूद अब साइबर सेल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। लोगों का कहना है कि जब खातों में करोड़ों रुपए का लेनदेन हो रहा था, तब समय रहते निगरानी और कार्रवाई क्यों नहीं हुई। जानकारों का मानना है कि यदि साइबर सेल और बैंकिंग मॉनिटरिंग एजेंसियां समन्वय के साथ ईमानदारी से जांच करें तो ऑनलाइन सट्टा और साइबर फ्रॉड के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
10 दिनों में 20 आरोपी जेल भेजे गए : सरगुजा पुलिस के अनुसार पिछले 10 दिनों में म्यूल अकाउंट के 4 मामलों में कार्रवाई करते हुए 20 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। पुलिस ने बैंक खाते और अवैध सिम कार्ड की खरीदी-बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान जारी रहने की बात कही है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि वे पैसों के लालच में अपने बैंक खाते, सिम कार्ड या दस्तावेज किसी को उपलब्ध न कराएं, क्योंकि ऐसे खाते साइबर अपराध और ऑनलाइन सट्टे में इस्तेमाल किए जा रहे हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur