बलरामपुर,25 सितम्बर 2025 (घटती-घटना)। बलरामपुर जिले से एक हृदयविदारक मामला सामने आया है,जहां एक मेडिकल दुकान संचालक द्वारा इंजेक्शन लगाए जाने के बाद चौथी कक्षा के छात्र की तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक छात्र अपने माता-पिता का इकलौता संतान था,जिससे पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। घटना बलरामपुर नगर के वार्ड क्रमांक 8 की है। यहां रहने वाला 8 वर्षीय अनमोल एक्का, पिता जितेंद्र एक्का,सरस्वती शिशु मंदिर में चौथी कक्षा में पढ़ता था। बीते बुधवार को अनमोल को खेलते समय घुटने में चोट लग गई थी। उसके घाव का इलाज कराने के लिए परिजन उसे स्थानीय शंभू मेडिकल दुकान में लेकर गए। परिजनों के अनुसार, मेडिकल दुकान संचालक ने घाव की सफाई कर इंजेक्शन लगाया। इंजेक्शन लगते ही अनमोल की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हालत बिगडऩे पर उसे तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल, अंबिकापुर रेफर कर दिया। मगर रास्ते में ही, रात करीब 12 बजे छात्र अनमोल ने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि मेडिकल दुकान संचालक की लापरवाही और बिना योग्यता के इलाज करने की वजह से अनमोल की मौत हुई।
इकलौते पुत्र की मौत से परिजनों का बुरा हाल
अनमोल एक्का अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उसकी असामयिक मौत से पूरा परिवार गहरे शोक में डूबा है। माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने प्रशासन से दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन ने की त्वरित कार्रवाई,दुकान सील
मामला सामने आते ही बलरामपुर सीएमएचओ बसंत सिंह ने बताया कि परिजनों और स्वास्थ्य विभाग की ओर से थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बाद एसडीएम, तहसीलदार, बीएमओ व पुलिस बल की उपस्थिति में मौके की जांच कर शंभू मेडिकल को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया है। ड्रग विभाग द्वारा भी अलग से जांच कर कार्रवाई की जाएगी। थाना प्रभारी भूपेंद्र साहू ने जानकारी दी कि मेडिकल दुकान संचालक शंभू विश्वकर्मा फिलहाल फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। शंभू, बलरामपुर जिले के ग्राम दहेजवार का निवासी है और करीब 8-10 वर्ष पहले अवैध रूप से क्लीनिक संचालित करता था। तब प्रशासन ने छापा मारकर उसका क्लीनिक बंद कराया था। इसके बाद उसने मेडिकल दुकान खोली और दुकान के पीछे के कमरे में वह लगातार मरीजों का इलाज करता रहा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur