Breaking News

अम्बिकापुर@ गाय को बांस के डंडे से पीटने का आरोप, गंभीर रूप से घायल

Share


-संवाददाता-
अम्बिकापुर,23 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)।
सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मणगढ़ में गाय के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के भुनेश्वर साहू ने एक गाय को रस्सी से बांधकर बांस के मोटे डंडे से बेरहमी से पीटा। घटना में गाय गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके पैर, गर्दन और रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोटें आने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जा रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाय को रस्सी से बांधकर उस पर डंडे से हमला किया गया। मारपीट के कारण गाय चलने-फिरने में असमर्थ हो गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीणों ने नाराजगी जताई और घायल गाय का उपचार कराने के प्रयास किए गए। गाय के मालिक विवेक कुमार यादव ने घटना पर दुख जताते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, ग्रामीण जेठी बाई और डेरिहा राम ने भी गाय के साथ हुई कथित क्रूरता की निंदा की। ग्रामीणों का कहना है कि बेजुबान पशु के साथ इस तरह की मारपीट बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। घटना को लेकर पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मामले की जांच की जा रही है। गाय की चोटों की गंभीरता और घटना के संबंध में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। ग्रामीणों ने प्रशासन से घायल गाय का समुचित उपचार कराने और दोषी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।


Share

Check Also

सीतापुर@ विधायक रामकुमार टोप्पो ने घुटरापारा माझी बस्ती को लिया गोद

Share मूलभूत सुविधाओं से वंचित बस्ती के समग्र विकास का लिया संकल्प, ग्रामीणों की समस्याएं …

Leave a Reply