मूलभूत सुविधाओं से वंचित बस्ती के समग्र विकास का लिया संकल्प, ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं
सीतापुर,23 अक्टूबर 2026 (घटती-घटना)। सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामकुमार टोप्पो ने मैनपाट विकासखंड के ग्राम बंदना स्थित घुटरापारा माझी बस्ती को गोद लेने की घोषणा की है। कई पीढिय़ों से मूलभूत सुविधाओं की कमी से जूझ रही इस बस्ती के विकास को लेकर विधायक की पहल से ग्रामीणों में नई उम्मीद जगी है।
जनसंपर्क कार्यक्रम के तहत विधायक रामकुमार टोप्पो घुटरापारा माझी बस्ती पहुंचे और ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठजनों ने बस्ती की जरूरतों और लंबे समय से बनी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि उनकी बस्ती की मूलभूत आवश्यकताओं पर अब तक पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया है।
विधायक ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि बस्ती को सर्वसुविधायुक्त बनाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि बस्ती का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और इसके लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम किया जाएगा।
इस दौरान विधायक ने बच्चों से भी आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को बेहतर शिक्षा और जीवन में आगे बढऩे के अवसर उपलब्ध कराने का भरोसा दिलाया। बस्ती को गोद लेने की घोषणा के बाद माझी समाज के लोगों में विकास कार्यों को लेकर उत्साह देखा गया।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल राजापुर के पदाधिकारी, जनपद पंचायत सदस्य, सरपंच, पंच सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur