
अंबिकापुर,28 अगस्त 2025(घटती-घटना)।संस्कृति,पर्यटन व धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रभार ग्रहण पश्चात प्रथम सरगुजा आगमन पर भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने शानदार तथा एतिहासिक स्वागत किया। स्थानीय सरगुजा बॉर्डर ग्राम तारा से शुरू हुआ स्वागत अभिनंदन का सिलसिला डांडगाँव,उदयपुर, नावापारा,लखनपुर,लहपतरा,मेंडराकला, भित्तीकला,बिलासपुर चौक,हनुमान मंदिर चौक, हॉस्पिटल चौक, अग्रसेन चौक, जय स्तंभ चौक, सदर रोड, महामाया चौक, संगम चौक, देवीगंज रोड, विवेकानंद घड़ी चौक होते हुए भाजपा कार्यालय संकल्प भवन पहुंचकर समाप्त हुई। रास्ते भर भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों ने फूल माला, पटाखों तथा ढोल नगाड़ों के साथ जोरदार स्वागत किया। कई स्थानों पर मंत्री राजेश अग्रवाल को लड्डुओं से तौला गया तथा ब्राम्हणों द्वारा स्वस्ति वाचन एवं कार्यकर्ताओं द्वारा पुष्प वर्षा कर आत्मीय स्वागत किया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया के नेतृत्व तथा विधायक प्रबोध मिंज, विधायक रामकुमार टोप्पो, गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव,पूर्व बीजेपी जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह तथा वरिष्ठ भाजपा नेता अनिल सिंह मेजर की उपस्थिति में बीजेपी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के हुजूम ने केबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल का एतिहासिक स्वागत कर इसे अविस्मरणीय बना दिया। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं के स्वागत से अभिभूत हुए केबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं का कोटि कोटि धन्यवाद करते हुए कहा कि यह उपलçध सरगुजा की आम जनता और कार्यकर्ताओं को समर्पित है। आपके आशीर्वाद से ही मैं विधायक बना और अब आपके आशीर्वाद से ही मुझे मंत्री पद की महत्वपूर्ण जवाबदारी मिली है। मैं आम जनता की भलाई के लिए 24 घंटे काम करूंगा, आम जनता की सेवा ही मेरा संकल्प है। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने मंत्री राजेश अग्रवाल को बधाई व शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भाजपा सरगुजा का यह स्वर्णिम काल है जहां एक सांसद, तीन विधायक, एक मंडल तथा एक आयोग के अध्यक्ष के बाद अब एक केबिनेट मंत्री भी सरगुजा से भाजपा ने दे दिया है। जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने की महत्वपूर्ण जवाबदारी अब हम पर है। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष अंबिकेश केशरी ने तथा आभार प्रदर्शन जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष ने किया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या ने गणमान्य जन भी उपस्थित थे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur