अंबिकापुर,27 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। शहर की सामाजिक संस्था सेवा किटी समूह द्वारा एक और सराहनीय पहल के अंतर्गत बीते तीन दिनों से जरूरतमंदों को छाते वितरित किए जा रहे हैं। यह अभियान विशेष रूप से उन लोगों को ध्यान में रखकर चलाया गया,जो सडकों पर छोटे-छोटे व्यवसाय करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहे हैं और मौसम की मार झेलने को मजबूर हैं। सेवा किटी समूह की संस्थापिका वन्दना दत्ता के नेतृत्व में शुरू हुआ यह अभियान लगातार बारिश और धूप से परेशान लोगों के लिए राहत का कारण बना। संस्था की सदस्याओं ने गुदरी बाजार, प्रतापपुर नाका,आकाशवाणी चौक, घड़ी चौक सहित कई क्षेत्रों में घूम-घूमकर छाते वितरित किए। इस दौरान विशेष ध्यान रखा गया कि छाता केवल उन्हीं व्यक्तियों को दिया जाए जिन्हें वास्तव में इसकी आवश्यकता है। छाता प्राप्त करने वालों में से कई ने अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए बताया कि उनके पास छाता नहीं था,या जो था वह टूट चुका था। एक महिला ने बताया कि वह छाता पड़ोसी से मांग कर लाई थी और उसे जल्द वापस करना पड़ेगा। ऐसे में सेवा किटी समूह की यह पहल उनके लिए बहुत उपयोगी साबित हुई। इस अभियान में वन्दना दत्ता के साथ नीलिमा गोयल,संजीता स्वर्णकार,मधु चौधरी,ज्योति द्विवेदी,नीलिमा मिश्रा,पूनम जायसवाल,नमिता चावला,श्रद्धा खेरपांडे,अंजना परिहार और सुनंदा साहू जैसे समर्पित सदस्यों ने दिन-रात मेहनत की। सेवा किटी समूह की सदस्याएं न सिर्फ सामाजिक सेवा में सक्रिय हैं,बल्कि वे समय-समय पर वस्त्र वितरण,भोजन वितरण,शिक्षा सहायता, और अन्य मानवीय कार्यों में भी भागीदारी करती रही हैं। छाता वितरण अभियान इस बात का प्रमाण है कि यह समूह समाज के उन वर्गों की मदद को प्राथमिकता देता है जिन्हें सबसे अधिक सहायता की आवश्यकता होती है। समूह की ओर से बताया गया कि आगे भी इसी तरह के सेवा कार्य जारी रहेंगे। इस प्रयास की हर ओर प्रशंसा हो रही है। ऐसे समय में जब अधिकांश लोग अपने काम में व्यस्त रहते हैं, सेवा किटी समूह की बहनों ने ज़मीनी स्तर पर समाज सेवा कर एक सच्ची मानवता की मिसाल पेश की है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur