भिट्टी कला में जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया और पदाधिकारियों ने ग्रामीणों संग सुनी ‘मन की बात
अंबिकापुर,27 जुलाई 2025 (घटती-घटना)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम मन की बात की 124वीं कड़ी को आज भाजपा सरगुजा द्वारा विभिन्न मंडलों और बूथों में श्रवण किया गया। अंबिकापुर ग्रामीण मंडल अंतर्गत ग्राम भिट्टी कला में इसका आयोजन विशेष रूप से किया गया,जिसमें भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया,जिला उपाध्यक्ष विनोद हर्ष,जिला मंत्री विकास पांडेय, मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह एवं युवा मोर्चा महामंत्री अंशुल श्रीवास्तव शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने अनेक ऐतिहासिक,सांस्कृतिक, वैज्ञानिक और पर्यावरणीय विषयों को छूते हुए अपने विचार साझा किए। उन्होंने सुधांशु शुक्ला के अंतरिक्ष मिशन को बच्चों और युवाओं के लिए प्रेरक बताया, स्पेस स्टार्टअप्स के बढ़ते महत्व को रेखांकित किया,इंटरनेशनल केमिस्ट्री ओलंपियाड में भारत की उपलçधयों की सराहना की और आगामी एस्ट्रोनॉमी व एस्ट्रोफिजिक्स ओलंपियाड पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने महाराष्ट्र व तमिलनाडु के 12 मराठा किलों को यूनेस्को की वर्ल्ड हेरिटेज साइट के रूप में मिली मान्यता का उल्लेख किया और महान स्वतंत्रता सेनानी खुदीराम बोस, बाल गंगाधर तिलक, भारत छोड़ो आंदोलन,स्वतंत्रता दिवस और विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस के बहाने अगस्त माह को क्रांति का महीना बताया। साथ ही, नेशनल हैंडलूम दिवस, उड़ीसा के क्योंझर जिले में राधा-कृष्ण संकीर्तन समिति द्वारा सामाजिक जागरूकता के प्रयास,तमिलनाडु के मणिपारण द्वारा प्राचीन पांडुलिपियों के संरक्षण, असम के काजीरंगा नेशनल पार्क में 40 से अधिक पक्षी प्रजातियों की पहचान, और मत्स्य संपदा योजना के माध्यम से गरीबों की समृद्धि जैसे विषयों को रेखांकित किया।
कार्यक्रम पश्चात भाजपा जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी का प्रत्येक ‘मन की बात’ कार्यक्रम कोई न कोई गहरा संदेश लेकर आता है। आज की कड़ी से यह स्पष्ट हुआ कि भाजपा सरकार गरीबों को सशक्त करने,उन्हें मूलभूत सुविधाएं प्रदान करने और आत्मनिर्भर बनाने हेतु सतत कार्य कर रही है। मंडल अध्यक्ष विवेक सिंह ने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि हर महीने के अंतिम रविवार को मन की बात अवश्य सुनें और प्रधानमंत्री के संदेश को अपने जीवन में आत्मसात करें। कार्यक्रम का संचालन संजय राजवाड़े, तथा आभार प्रदर्शनकर्ता जय सिंह ने किया । इस आयोजन में सागर विश्वकर्मा, सरपंच जुगमनिया देवी, डोमन राजवाड़े, राजू सिंह, रवि गुप्ता, सुखचंद, आदित्य सिंह, पुरनचंद सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण जन भी उपस्थित रहे और उन्होंने इस कार्यक्रम से प्रेरणा ली।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur