- लूण्ड्रा विधायक व कलेक्टर ने अभियान रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
- वैज्ञानिकों से मिलेगा किसानों को कृषि मार्गदर्शन
अंबिकापुर,29 मई 2025 (घटती-घटना)। भारत सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में किसानों की उन्नति और आधुनिक कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार हेतु आज से विकसित कृषि संकल्प अभियान की शुरुआत की गई। यह अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक चलाया जाएगा।
कलेक्ट्रेट परिसर से लुण्ड्रा विधायक श्री प्रबोध मिंज,कलेक्टर श्री विलास भोस्कर,एवं संयुक्त संचालक कृषि श्री यशवंत केराम ने कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के विभिन्न शिविर स्थलों पर पहुंचकर कृषि जागरूकता गतिविधियों का संचालन करेंगे। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केंद्र अंबिकापुर एवं मैनपाट के वैज्ञानिक, उप संचालक कृषि, उप संचालक पशुपालन,उप संचालक मत्स्य पालन, वरिष्ठ उद्यान विकास अधिकारी सहित कई विभागीय अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
किसानों को मिलेगा सीधा संवाद का अवसर
उप संचालक कृषि ने जानकारी दी कि ये कृषि रथ जिले के सातों विकासखंडों के नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेंगे। इस दौरान किसान वैज्ञानिकों से सीधा संवाद कर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन और अन्य कृषि संबंधित विभागों की सरकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जाएगा।
वैज्ञानिकों से मिलेगा मार्गदर्शन,अनुसंधान को मिलेगा आधार
इस अभियान के दौरान चयनित 78 कृषि क्लस्टर गांवों में कृषि वैज्ञानिक किसानों से सीधा संवाद करेंगे और उनकी समस्याओं के अनुरूप नई अनुसंधान दिशा तय करेंगे। यह फीडबैक भविष्य की तकनीकी योजना निर्माण में सहायक होगा। अभियान का उद्देश्य कृषि उत्पादन बढ़ाना,लागत घटाना, किसानों की आय में वृद्धि लाना तथा प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करना है। यह संकल्प अभियान किसानों को जैविक खेती, प्राकृतिक खेती, फसल विविधीकरण,मूल्य संवर्धन जैसी नवीन कृषि अवधारणाओं से परिचित कराने में मील का पत्थर साबित होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur