अंबिकापुर,29 मई 2025 (घटती-घटना) रिंग रोड बौरीपारा में स्थित वाशिंग सेंटर में काम करने वाले कर्मचारी की बिजली के करंट से हुई मौत के मामले में पुलिस ने संचालक के विरूद्ध केस दर्ज किया है। पूर्व में पुलिस ने मामले में मर्ग कायम करके मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया था और अग्रिम जांच,कार्रवाई में जुटी थी।
जानकारी के मुताबिक मृतक गौतम महतो पिता राजेश महतो 18 वर्ष निवासी मायापुर चांदनी चैक,रिंग रोड बौरीपारा में स्थित महावीर वाशिंग सेंटर में काम करता था। बीते 7 अप्रैल को वह वाशिंग सेंटर में काम करने गया था। काम करने के दौरान अपरान्ह करीब 3.10 बजे वह वाशिंग मशीन मय असेम्बली में शार्ट-सर्किट की वजह से आए करंट की चपेट में वह आ गया। युवक को होलीक्रॉस अस्पताल लाया गया,यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने युवक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया था। पुलिस ने जांच में पाया कि वाशिंग सेटर के संचालक अविनाश द्विवेदी ने वाशिंग कार्य करने के दौरान सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम पहीं किया था। बिना ग्लस व बूट के वह काम कर रहा था,जिस कारण वह करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। मर्ग जांच के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने महावीर वाशिंग सेंटर के संचालक अविनाश द्विवेदी के विरूद्व धारा 106(1) बीएनएस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur