जिला सीईओ ने अध्यक्ष,उपाध्यक्ष एवं सदस्यों को दिलाई शपथ
अंबिकापुर,20 मार्च 2025 (घटती-घटना)। जिला पंचायत सरगुजा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष,उपाध्यक्ष एवं सदस्यों के प्रथम सम्मेलन एवं शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में संपन्न हुआ। इस अवसर पर जिला सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने नवनिर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह,उपाध्यक्ष देव नारायण यादव सहित सभी सदस्यों ने पंचायत राज अधिनियम के तहत कार्य करने की शपथ दिलाई। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए शुभकामनाएं दीं और क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ दूर करने का प्रयास किया जाएगा, जिससे शासन की योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंच सके। जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह ने अपने संबोधन में खुशी जाहिर करते हुए कहा कि इस बार पुरुषों की तुलना में महिला सदस्यों की संख्या अधिक है। उन्होंने कहा कि पहले महिलाओं की जगह उनके पति जनसंपर्क करते थे, लेकिन अब महिलाओं को खुद आगे आकर जनता की सेवा करनी होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी सदस्य मिलकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। इस दौरान नगर पार्षद आलोक दुबे,विजय दुबे, जिला मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय कुमार अग्रवाल, उप जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा सिंह सहित कई अधिकारी और कर्मचारीसहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
जनता के विश्वास पर
खरा उतरने का संकल्प
जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवनारायण यादव ने कहा कि जनता ने विश्वास के साथ जनप्रतिनिधियों को चुना है इसलिए पूरी निष्ठा से क्षेत्र के विकास के लिए कार्य किया जाएगा। राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर ने सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि प्रदेश में विष्णु देव साय की सरकार है,जो क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से विकास कार्यों को और गति मिलेगी।
