
अंबिकापुर,20 मार्च 2025 (घटती-घटना)। मणिपुर थाना क्षेत्र के भट्ठापारा में बुधवार की सुबह नवविवाहिता की फांसी के फंदे पर लटकी लाश मिली है। परिजन का कहना है कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताडि़त करते थे। दहेल में बोलेरो व बुलेट की मांग कर रहे थे। मृतका के परिजन ने ससुराल वालों पर उसकी हत्या कर फांसी पर टांगने का आरोप लगाया है। परिजन ने मणिपुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ग्राम ओखरगड़ा पचफेड़ी थाना मेराला जिला गढ़वा,झारखंड निवासी रोशनी उम्र 22 वर्ष की शादी तीन माह पूर्व अंबिकापुर के मणिपुर थाना क्षेत्र के भट्ठापारा निवासी अक्षय पासी से हुई थी। रोशनी के मायके वालों का कहना है कि शादी के बाद वह पहली होली मनाने पति के साथ मायके गई थी। मायके में होली मनाकर बुधवार की सुबह करीब 6 बजे पति के साथ ससुराल पहुंची। सकुशल ससुराल पहुंचने की जानकारी रोशनी अपने पिता को फोन कर बताई। इसके आधे घंटे बाद पुनः अपने पिता के मोबाइल पर फोन कर बताई की यहां सबलोग मेरे साथ मारपीट कर रहे हैं। इसके आधे घंटे बाद पुनः रोशनी का देवर उसके पिता के मोबाइल पर फोन कर बताया कि भाभी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। बेटी की शादी की हाथ की मेहंदी अभी पूरी तरह मिटी भी नहीं थी कि उसके इस दुनिया से जाने की खबर मिलने पर परिजन सदमे में आ गए। मायके वाले अंबिकापुर पहुंचे। पिता व भाई ने नम आंखों से रोशनी के पार्थिव शरीर को देखा तो मानों पैर तले जमीन खिसक गई। उसके शरीर पर चोट के निशान थे। परिजन का कहना है कि पूरे शरीर काला पड़ा हुआ था। मानो लोगों ने डंडे से उसकी बेदम पिटाई की है। मृतका के भाई विनोद ने मणिपुर थाने में लिखित शिकायत की है। उसने आरोप लगाया है कि शादी के दौरान हमलोग दहेज के रूप में दो लाख रुपए नकद व अन्य सामान दिया था। शादी के बाद रोशनी के पति अक्षय, ससुर उमेश पासी, सास गिरजा देवी देवर नान्हू पासी व ननद मंदा देवी व चंदा देवी ने दहेज को लेकर उसे प्रताडि़त करते थे। दहेज में बोलेरो व बुलेट की मांग कर रहे थे। दहेज को लेकर उसके साथ मारपीट करते थे। होली में मेरे घर पहुंच थे। वहां भी अक्षय ने दहेज की मांग कर रहा था। हमलोगों द्वारा समझा-बुझा कर वापस भेजा गया था। यहां पहुंचते ही उसके साथ दहेज को लेकर प्रताडि़त करते हुए मारपीट करने लगे। मारपीट कर उसका गला दबाकर हत्या कर फांसी पर लटका दिया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur