अंबिकापुर,08 मार्च 2025 (घटती-घटना)। लखनपुर विकासखंड के ग्राम गोरता के नवनिर्वाचित सरपंच पंचराज की सडक दुर्घटना में मौत हो गई है। कुछ दिन पूर्व जगन्नाथपुरी ओडि़शा से वापस आने के दौरान कार अनियंत्रित होकर पलट गई थी। हादसे में सरपंच गंभीर रूप से जख्मी हो गया था। वहीं वाहन में सवार अन्य लोग भी घायल हुए थे। गंभीर रूप से जख्मी सरपंच का इलाज रायपुर में चल रहा था। स्थिति में सुधार न होने पर उसे वापस लेकर आ रहे थे। जहां रास्ते में 7 मार्च की रात में उसकी मौत हो गई। सरपंच का अंतिम संस्कार शनिवार को गांव के मुक्तिधाम में किया गया।
जानकारी के अनुसार सरपंच का चुनाव जीतने के बाद पंचराज सिंह अपनी मां सहोदरी बाई और गांव के केवल साय, रामधनु केवल, कौशल्या, इंद्रावती, रवि कुमार के साथ कार क्रमांक सीजी 29 ए ई 9868 से जगन्नाथपुरी उडि़शा दर्शन करने गए थे। वहां से सभी वापस लौट रहे थे। वाहन मुकेश कुमार चल रहा था। लेलूंगा पहुंचने से पहले जंगल में चालक को झपकी आ गई। इससे वाहन अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में सरपंच पंचराज सहित सभी घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए लेलूंगा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र में भर्ती कराया गया था। यहां पंचराज की स्थिति को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने अंबिकापुर रेफर कर दिया था। परिजन अंबिकापुर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। स्वास्थ्य में सुधार न होने और स्थिति को गंभीर देखते हुए यहां से भी चिकित्सकों ने रायपुर के लिए रेफर कर दिया था। रायपुर में कुछ दिनों तक इलाज के बाद भी स्थिति में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने परिजन को उसे घर ले जाने की सलाह दी थी। चिकित्सकों के कहने पर परिजन घर ला रहे थे। तभी 7 मार्च की रात करीब 10.30 बजे रास्ते में उसकी मौत हो गई। लखनपुर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजन को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया। गांव में ही शनिवार की शाम मुक्तिधाम में सरपंच का अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur