Breaking News

सूरजपुर@छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ने हस्त लिपि बजट पेश किया,भाजपा ने बजट को आम जनता का बताया तो वही कांग्रेसी ने छत्तीसगढि़यों को छलने वाला बजट बताया

Share

सूरजपुर 03 मार्च 2025 (घटती-घटना)। छत्तीसगढ़ के साय सरकार के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने राज्य का 25 वां बजट हस्त लिपि पेश किया है जो पूरे देश के लिए कोतोहल का विषय रहा, छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोमवार को सदन में बजट पेश किया। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बजट के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि विष्णुदेव साय की सरकार अच्छी नियत और पूरी कर्मठता के साथ काम कर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा इस बार का बजट मैंने खुद अपने हाथ से लिखा है। सदन के सदस्यों को बजट की जो कॉपी सौंपी गई है । वह मेरे हाथ से लिखी गई हैं। वित्त मंत्री माननीय ओपी चौधरी ने हर वर्ग का ध्यान रखते हुए संतुलित बजट पेश किया है इस बजट में किसानों, गरीबों,आदिवासियों, महिलाओं के साथ-साथ बुनियादी संरचना के विकास को प्राथमिकता दी गई है।

यह बजट छत्तीसगढ़ के लोगों को देखकर तैयार किया गया बजट है…
भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य एवं पूर्व पाठयपुस्तक निगम के अध्यक्ष भीमसेन अग्रवाल ने बजट की सराहना करते हुए कहा कि सभी वर्गों का ख्याल रख बजट प्रस्तुत किया गया जिसका लाभ सभी वर्गों के लोगों को मिलेगा। प्रदेश में एनएसजी की तर्ज पर एसएजी बनेगा, सरकारी कर्मचारियों का डीए बढ़ाकर 53 फीसदी किया जायेगा। अप्रैल से मिलेगा डीए का लाभ। बजट 2025 में छत्तीसगढ़ में पेंशन फंड बढ़ेगा, बस्तर में दो नये थानों का निर्माण होगा, पेंशन फंड के लिये 456 करोड़ रुपये का प्रावधान, छत्तीसगढ़ का व्यय 1.38 लाख करोड़, नैनो यूरिया और डीएपी को होगा गठन, डेयरी विकास के लिये 90 करोड़ का प्रावधान, छत्तीसगढ़ में पेट्रोल एक रुपये सस्ता, पेट्रोल के वैट में एक रुपये की होगी कमी।

ऐतिहासिक एवम विकसित छत्तीसगढ़ का बजट पेश किया गया है…
प्रदेश कार्य समिति सदस्य भाजपा छत्तीसगढ़ एवं पूर्व जिलाध्यक्ष सूरजपुर रामकृपाल साहु ने कहा की प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए 8500 करोड़ कृषक उन्नति योजना के लिए 10000 करोड़ का प्रावधान किया गया है इससे ग्रामीण क्षेत्र का विकास होगा। महतारी वंदन योजना के लिए 5500 करोड़ रुपए और मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के लिए 4500 करोड रुपए के आवंटन से जरूरतमंद परिवारों का ख्याल रखा गया है। किसानों को 5 एचपी तक के कृषि पंपों को मुफ्त बिजली आपूर्ति के लिए 3500 करोड़ से किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और आयुष्मान योजना के तहत 1500 करोड़ की राशि से स्वास्थ्य सुविधा बेहतर होगी। लोक निर्माण विभाग नई सड़कों के निर्माण के लिए 2000 करोड़ और प्रधानमंत्री जन मन सड़क निर्माण योजना से 500 करोड़ का प्रावधान से सड़के बेहतर होगी। शहर में रिंग रोड निर्माण के लिए 100 करोड़ का प्रावधान किया गया है। नदियों को जोड़ने की योजना के सर्वेक्षण का कार्य अच्छी पहल है। मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के तहत 500 करोड़ की व्यवस्था से शहरी विकास के कार्य , 500 नई सहकारी समितियां का गठन,मुख्यमंत्री मोबाइल टावर योजना से बस्तर एवं सरगुजा के दूरस्थ क्षेत्रों में मोबाइल कनेक्टिविटी बढ़ेगी इससे छत्तीसगढ़ राज्य तेजी से प्रगति के पद पर अग्रसर होगा यह बजट देश के यशस्वी प्रधानमंत्री माननीय नरेंद्र मोदी जी के 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को ध्यान में रखकर ऐतिहासिक एवम विकसित छत्तीसगढ़ का बजट पेश किया गया है।

3 प्रतिशत डीए वृद्धि का स्वागत लेकिन मोदी जी के गारंटी के अनुरूप नही है बजट
छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष संजय शर्मा प्रांतीय महामंत्री रंजय सिंह, प्रांतीय पदाधिकारी अजय सिंह,मुकेश मुदलियार जिलाध्यक्ष भूपेश सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा बजट में शिक्षकों व कर्मचारियों को मार्च 2025 से 3 प्रतिशत महंगाई भत्ता देने की घोषणा स्वागतेय है, किन्तु महंगाई भत्ता के लंबित एरियर्स को सीजीपीएफ में जमा किया जाना था। शिक्षक व कर्मचारियों की भर्ती व शिक्षा उन्नयन के लिए पीएमश्री शाला उन्नयन की घोषणा सकारात्मक है। शिक्षक एलबी संवर्ग के शिक्षकों को पेंशन हेतु पूर्व सेवा की गणना करने व सरकार से मोदी जी के गारंटी के तहत सहायक शिक्षकों के वेतन विसंगति दूर करने, समस्त एलबी संवर्ग को क्रमोन्नत/समयमान वेतनमान प्रदान करने, शिक्षक समतुल्य वेतनमान (पुनरीक्षित वेतनमान ) में सही वेतन का निर्धारण कर 1.86 के गुणांक वेतन निर्धारण करने सहित कैशलेश चिकित्सा सुविधा की उम्मीद थी जो पूरी नही हुई जिससे शिक्षकों में बजट का उत्साह नही है।

बजट जनता के साथ धोखा करने वाला बजट है…
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सूरजपुर भगवती राजवाड़े ने कहा की छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा पेश किया गया बजट जनता के साथ धोखा करने वाला बजट है जनता जिस प्रकार बजट से उम्मीद लगा के बैठी थी इस बजट से जनता की उम्मीदों पर पानी फिर गया है घोषणा पत्र में जिस प्रकार के वादे भाजपा सरकार ने किया था लगता है उसको भूल चुके है ऐसी कोई भी योजना जो प्रदेश के सभी शहर व गावों का विकास कर सके इस बजट में शामिल नहीं है यह बजट केवल जनता को गुमराह करने वाला बजट है…

किसान व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए बजट कुछ नहीं
अश्विनी सिंह अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने कहा की छत्तीसगढ़ का बजट केवल नाम मात्र का बजट है किसान व ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के लिए बजट में ना कोई व्यवस्था है ना कोई प्रावधान है इस बजट में भाजपा सरकार केवल जनता को गुमराह करने का काम कर रही है जिस प्रकार का बजट भाजपा की सरकार पेश कर रही है उसको देखकर ऐसा लगता है कि यह सरकार किसान विरोधी सरकार है व ग्रामीण अंचल से सरकार का कोई लेना देना नहीं है..

बजट में शहरी क्षेत्रों के विकास की कोई योजना नहीं
मनोज डालमिया (महामंत्री-जिला कांग्रेस कमेटी सूरजपुर ने कहा की छत्तीसगढ़ के बजट 2025 में शहरी क्षेत्रों के विकास के लिए कोई योजना नहीं है शहरी क्षेत्रों में आम जनता को पानी की उचित व्यवस्था,सड़को का निर्माण,नालियो की सफाई सहित सुंदर व  विकसित शहर की उम्मीद रहती है लेकिन इस बजट में तो ऐसा कुछ दिखाई नहीं दे रहा है भाजपा की सरकार केवल सत्ता का लाभ उठा रही है बाकी विकास के नाम पर जीरो है..

भाजपा सरकार का बजट युवा विरोधी बजट
जफर हैदर (सदस्य-प्रदेश कांग्रेस कमेटी छत्तीसगढ़ ने कहा की भाजपा सरकार द्वारा पेश किया गया बजट केवल युवा विरोधी बजट है युवाओ के साथ भाजपा सरकार छल कर रही है युवा विकास व रोजगार के लिए बजट में कोई ऐसी व्यवस्था नहीं की गई है जिससे युवा आगे बढ़ सके उनका विकास हो सके भाजपा सरकार द्वारा शराब का कीमत कम करके युवाओं को नशे की ओर भेजने का प्रयास किया जा रहा है…

छत्तीसगढ़ में स्वास्थ्य सेवाओं को नहीं ऊंचाई देगा यह बजट
भाजपा जिला मिडिया प्रभारी शशि तिवारी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अपने इस बजट में न केवल खाद्य सुरक्षा के लिए 5,326 करोड़, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के लिए 1800 करोड़, डॉ आंबेडकर अस्पताल के कार्डियक सर्जरी विभाग के विस्तार के लिए 10 करोड़ और डॉ भीमराव आंबेडकर अस्पताल में उपकरणों के लिए 20 करोड़ का प्रावधान करने के साथ ही सरोना रायपुर में 100 बिस्तर अस्पताल बनाने की घोषणा करके प्रदेश सरकार ने छत्तीसगढ़ को स्वास्थ्य सुविधा से समृद्ध बनाने का काम कर रही है। श्री तिवारी ने कहा कि बजट 2025 में राज्य के युवाओं और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के तहत खेल सुविधाओं के विस्तार की घोषणा से राज्य में खेल संस्कृति को मजबूती मिलेगी और युवा खिलाडि़यों को अपने हुनर को निखारने का बेहतर मंच उपलब्ध होगा। इसी दिशा में दुर्ग और सरगुजा संभाग में संभाग स्तरीय बहुउद्देशीय स्टेडियमों के निर्माण की घोषणा की गई है। इन स्टेडियमों के निर्माण के लिए सरकार ने 10 करोड़ रुपये का बजट प्रावधान किया है। इन बहुउद्देशीय स्टेडियमों में विभिन्न खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे खिलाडि़यों को बेहतर प्रशिक्षण मिल सकेगा और वे राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे।

छत्तीसगढ़ की डबल इंजन ग्रोथ को ईंधन देने वाला है बजट
पूर्व नपा उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने बजट को ऐतिहासिक एवं प्रदेश के विकास को नई ऊंचाईयों पर ले जाने वाला बताया। उन्होंने कहा कि इस बजट में गांव, गरीब, किसान, नारी शक्ति एवं नौजवान साथियों के जीवन में मूलभूत बदलाव के लिए कई दूरगामी घोषणाएं की गई जो विष्णु देव साय सरकार की प्रदेश के लिए विजन को दर्शाता है। साथ ही यह बजट केंद्र के मोदी सरकार के साथ डबल इंजन की रफ्तार से बढ़ने के ईंधन की तरह है। अजय अग्रवाल ने कहा कि कृषि बजट में 33 प्रतिशत की वृद्धि, सिंचाई परियोजनाओं के लिए 300 करोड रुपए, कृषि उन्नति योजना के लिए 10 हजार करोड़ का प्रावधान किया है जो कृषकों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को व्यक्त करता है। नल जल योजना के लिए 4, 500 करोड़ रुपए का प्रावधान, पंचायत एवं ग्रामीण विकास के अंतर्गत 70 हजार 539 करोड़ का प्रावधान, 70 प्रतिशत वृद्धि साथ ही सरकार ने आने वाले 5 सालों में जीडीपी को 5 लाख करोड़ से 10 लाख करोड़ तक पहुंचाने दोगुना करने का लक्ष्य रखा है जो प्रदेश के विकास के लिए प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विस्तार से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नए रोजगार सृजित होंगे
बाबूलाल अग्रवाल भाजपा सूरजपुर के पूर्व जिलाध्यक्ष ने कहा की प्रदेश सरकार को बजट प्रावधानों का स्वागत करते हुए कहा कि किसानों के हित को ध्यान में रखकर छत्तीसगढ़ सरकार के बजट में खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना की घोषणा करके 46 करोड़ रुपये का बजटीय प्रावधान किया गया है। इससे राज्य में सूक्ष्म और लघु खाद्य प्रसंस्करण इकाइयों को आर्थिक सहायता मिलेगी। श्री अग्रवालने कहा कि छत्तीसगढ़ एक कृषि प्रधान राज्य है, जहां धान, दालें, तिलहन और अन्य खाद्य पदार्थों का बड़े पैमाने पर उत्पादन होता है। इन उत्पादों के उचित भंडारण,प्रसंस्करण और विपणन की उचित व्यवस्था न होने के कारण किसानों को उचित लाभ नहीं मिल पाता। इसीलिए सरकार ने खाद्य प्रसंस्करण उद्योग को प्रोत्साहित करने के लिए यह योजना शुरू की है, जिससे राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और किसानों को उनके उत्पादों का सही मूल्य मिल सकेगा। राज्य सरकार द्वारा 46 करोड़ रुपये के बजटीय प्रावधान के साथ यह योजना छत्तीसगढ़ में खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों के लिए वरदान साबित होगी। खाद्य प्रसंस्करण उद्योग के विस्तार से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नए रोजगार सृजित होंगे।

छत्तीसगढ़ की जनता के लिए एक श्रेष्ठ बजट प्रस्तुत किया गया है…
भाजपा जिलाध्यक्ष मुरली मनोहर सोनी ने कहा की प्रदेश सरकार के बजट प्रस्तावों का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी का अभिनंदन किया और कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता के लिए एक श्रेष्ठ बजट प्रस्तुत किया गया है। वित्त मंत्री श्री चौधरी द्वारा बहुस्पर्शी, बहुआयामी और सर्वव्यापी बजट पूरे छत्तीसगढ़ के विकास को ध्यान में रखकर बनाया गया है। श्री सोनी ने कहा कि मुख्यमंत्री एवं वित्त मंत्री ने सभी वर्गों का सभी क्षेत्रों का विकास की दृष्टि से समुचित ध्यान दिया है। श्री सोनी ने कहा इस बजट में विशेषकर बस्तर, सरगुजा ,वनवासी क्षेत्र , आदिवासी अंचल , जहां पर विकास की अनेक संभावनाएँ हैं, उसे उचित स्थान दिया गया है। श्री सोनी ने कहा इस बजट में विकास के कई कार्यक्रम व योजनाओं के लिए प्रावधान किए गए हैं, साथ ही शिक्षा के क्षेत्र में, स्वास्थ्य के क्षेत्र में, पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ करने के लिए, युवाओं की दृष्टि से हो, मातृ शक्तियों का सम्मान बढ़ाने की दृष्टि से हो चाहे किसान भाइयों के लिए हो और उद्योग की दृष्टि से चाहे वह बड़े उद्योग हो लघु उद्योग हो मध्यम उद्योग हो ,इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट को ध्यान में रखते हुए समूचे छत्तीसगढ़ के पाँचों संभाग में समुचित रूप से विकास के अनेक प्रावधान किए गए है , जो बजट में घोषित योजनाओं के माध्यम से परिलक्षित हुई हैं। श्री सोनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की परिकल्पना के अनुरूप 2047 तक विकासशील भारत को विकसित देश में परिवर्तन करने की दृष्टि से जिस तरीके से उन्होंने योजनाएं बनाई है,मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में और पूरे छत्तीसगढ़ में विकासशील छत्तीसगढ़ को विकसित छत्तीसगढ़ में परिवर्तित करने की दृष्टि से यह उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। पिछला बजट ज्ञान पर समर्पित था और इस बजट में ज्ञान को गति प्रदान करने की दृष्टि से अनेक प्रावधान किए गए हैं।

पत्रकार सम्मान निधि को 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार
वरिष्ठ पत्रकार ओंकार पाण्डेय कहा की छत्तीसगढ़ बजट 2025 में पत्रकार सम्मान निधि को 10 हजार से बढ़ाकर 20 हजार किया गया जो पत्रकार हित में एक अच्छी पहल है।

बजट में छात्र हित एवं शिक्षा के लिए कोई भी योजना नहीं है शामिल
आकाश साहू जिलाध्यक्ष-एनएसयुआई सूरजपुर ने कहा की छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार द्वारा पेश किये गए बजट मे छात्रो के लिए छात्रहित में कोई भी योजना नहीं लाई गई है छात्र चाहते हैं कि सरकार शिक्षा के लिए बजट का एक बड़ा हिस्सा समर्पित करे जिससे शैक्षिक संस्थानों की गुणवत्ता में सुधार हो सके और उन्हें बेहतर संस्थान मिल सके छात्रों की यह भी अपेक्षा थी कि बजट में रोजगार के नए अवसरों के सृजन पर ध्यान दिया जाएगा जिससे वे अपनी शिक्षा पूर्ण करने के बाद उपयुक्त रोजगार प्राप्त कर सकेंगे लेकिन इस बजट में ऐसा कोई प्रावधान शामिल नहीं किया गया है यह बजट छात्रो के उम्मीदों पर पानी फेरने वाला बजट है..


Share

Check Also

सीतापुर@तहसील सीतापुर क्षेत्र में अवैध खनिज परिवहन करते 09 वाहन जप्त

Share -संवाददाता-सीतापुर,03 जून 2026 (घटती-घटना)। कलेक्टर अजीत वसंत के निर्देश पर जिले में खनिज विभाग …

Leave a Reply