- समिति प्रबंधकों को चेतावनी,काम में की लापरवाही तो होगी कड़ी कार्रवाई
- सहकारी बैंक में भी किसान के साथ लाइन में लगकर निकाले पैसे,देखी बैंकिंग व्यवस्था

अंबिकापुर,28 नवम्बर 2024 (घटती-घटना)। सरगुजा कलेक्टर विलास भोसकर ने किसान का वेषभूषा धारन कर सीतापुर के पेटला स्थित धान खरीदी केंद्र पहुंचे। सीतापुर एसडीएम रवि राही के साथ बाइक में सवार होकर धान खरीदी केंद्र पहुंचे। उन्होंने सबसे पहले लाइन में लगकर टोकन प्रक्रिया का अवलोकन किया। लगभग 1 घण्टे पूरे खरीदी केंद्र का भ्रमण करते रहे। समिति प्रबंधक,कर्मचारियों सहित खरीदी केंद्र में उपस्थित किसी ने भी कलेक्टर को इस रूप में नहीं पहचाना। उन्होंने किसानों के साथ कर्मचारियों के व्यवहार का आकलन किया। इसके साथ ही उन्होंने किसानों से भी बात की। वहीं फड़ में धान की तौलाई करवाकर, तौल पत्रक की पोर्टल में ऑनलाइन एंट्री करवाई। जब सभी को बताया गया कि यह जिले के कलेक्टर हैं, सभी भौचक रह गए। कलेक्टर ने समिति प्रबंधक को निर्देशित करते हुए कहा कि किसानों को खरीदी केंद्र में किसी भी प्रकार की समस्या ना हो इसका ध्यान रहे। पूरी धान खरीदी प्रक्रिया के दौरान चौकन्ने रहें, कोचियों-बिचौलियों पर निगरानी रखें। किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कार्रवाई के लिए तैयार रहें।
सहकारी बैंक से लाइन
में लगकर निकाले पैसे
धान खरीदी के निरीक्षण के पश्चात कलेक्टर सहकारी बैंक सीतापुर पहुंचे। धान बेचने के पश्चात पैसे निकालने लाइन में लगे किसानों के साथ कलेक्टर स्वयं लाइन में लग गए और पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। उन्होंने एक किसान के खाते से पैसे निकालकर गिनकर देखा। उन्होंने नया पासबुक बनाने हेतु फॉर्म लिया तथा इसके सम्बन्ध में जानकारी ली। निरीक्षण पश्चात कलेक्टर भोसकर ने किसानों से चर्चा करते हुए बैंक की व्यवस्थाओं के सम्बंध में फीडबैक लिया तथा समस्या के सम्बंध में पूछा। उन्होंने शाखा प्रबंधक को निर्देशित किया कि धान बेचने के उपरांत किसानों के खाते में राशि के अंतरण या अन्य बैंकिंग कार्य में कोई दिक्कत न हो। कर्मचारियों का व्यवहार किसानों के प्रति अच्छा रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur