संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबाल प्रतियोगिता
अंबिकापुर,11 अक्टूबर 2024 (घटती-घटना)। शहर के गांधी स्टेडियम में खेले जा रहे संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबाल प्रतियोगिता के तहत गुरुवार को पहला सेमीफाइनल सरगुजा पुलिस विरुद्ध न्यू स्पोर्टिंग क्लब चर्चा के मध्य खेला गया। जिसमें चर्चा की टीम ने एक तरफा मुकाबले में सरगुजा पुलिस को 6 -0 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। दूसरा सेमी फाइनल मैच ट्राइबल टाइगर विरुद्ध सरगुजा फुटबॉल एकेडमी के मध्य खेला गया। प्रथम हाफ में सरगुजा फुटबॉल एकेडमी की टीम ने अच्छे तालमेल के साथ खेलते हुए 1-0 गोल की बढ़त बना ली थी। मैच के दूसरे हाफ में भी दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। ट्राइबल टाइगर को काफी मौके मिले लेकिन गोल करने में सफल नहीं हो पाई। इस तरह सरगुजा फुटबॉल एकेडमी की टीम ने 1-0 से मैच जीतकर फाइनल में प्रवेश किया। शुक्रवार को इस प्रतियोगिता का फाइनल मैच न्यू स्पोर्टिंग क्लब चर्चा विरुद्ध सरगुजा फुटबॉल एकेडमी के मध्य दोपहर ढ़ाई बजे से खेला जाएगा। सेमी फाइनल मैच के निर्णायक श्याम, रविंदर, रूपेश तथा ललित थे एवं मैच कमिश्नर आनंद दीवान, अखिलानंद, मनोज यादव, मनोज, कमलेश, रवि तिर्की, दीपक कुजूर, अमित पांडेय, धनंजय सिंह थे। संभाग स्तरीय नॉकआउट कम लीग फुटबाल प्रतियोगिता का फाइनल मैच शुक्रवार को न्यू स्पोर्टिंग क्लब चर्चा विरुद्ध सरगुजा फुटबॉल एकेडमी के मध्य खेला जाएगा। फाइनल मैच के मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम होंगे। वहीं अध्यक्षता अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल करेंगे। जबकि विशिष्ट अतिथि सांसद चिंतामणि महाराज, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर होंगे। फाइनल मैच में विजेता एवं उपविजेता टीम को स्वर्गीय जगन्नाथ दुबे की स्मृति में जगदीश दुबे के पुत्र द्वारा शानदार ट्रॉफी दिया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur