Breaking News

कोरिया@क्या धार्मिक आयोजन के बहाने चेहरा चमकाने की कोशिश में बिल्डर?

Share

-विशेष संवाददाता-
कोरिया,10 अक्टूबर 2024 (घटती-घटना)। पिछले कई वर्षा में बैकुंठपुर समेत आसपास क्षेत्र में विवादित बन चुके बिल्डर की अगुवाई में इस बार रावण दहन किये जाने की तैयारी है, ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे कि बिल्डर द्वारा ऐसे आयोजनों से खुद का चेहरा चमकाने की कोशिश की जा रही है, यहां यह बतलाना आवश्यक है कि बिल्डर पिछले समय कई बार जेल जा चुका है, उस पर जिला बदर की कार्यवाही भी हुई थी साथ ही वह वर्तमान में जमानत पर जेल से बाहर है। ऐसे में उक्त आयोजन में बिल्डर की अहम भूमिका लोगो को रास नही आ रही है और लोग तरह तरह की चर्चा कर रहे हैं।

बिल्डर की कार्यशैली से परिचित लोग कर रहे निंदा
धार्मिक आयोजन अब बैकुंठपुर शहर में राजनीति का केन्द्र बन चुका है। छोटे-छोटे प्यादे सत्ता के दम पर हवा हवाई बात करते देखे जाते हैं। चुकि यह धार्मिक आयोजन है और दशहरा के अवसर पर रावण का दहन बुराई के प्रतीक के रूप में किया जाता है। असत्य पर सत्य की जीत का प्रतीक माने जाने वाले इस त्यौहार में इस बार विवादित बिल्डर का अगुवा बनना लोगो को रास नही आ रहा है यही वजह है कि पूर्व की समिति के लोगो ने इससे दूरी बना ली है। बिल्डर की कार्यशैली बैकुंठपुर शहर ही नही बल्कि समूचे संभाग में चर्चित है इस वजह से कार्यक्रम की निंदा भी लोग कर रहे हैं।
रावण दहन हेतु वसूली अभियान
रावण दहन के कार्यक्रम में वैसे तो आयोजक युनिटी सोशल वेलफेयर सोसायटी को बनाया गया है लेकिन इसका कर्ताधर्ता बिल्डर ही बना हुआ है। सूत्रों का कहना है कि रावण दहन कार्यक्रम हेतु प्रशासनिक अधिकारियों से भारी भरकम राशि वसूली जा रही है। एक जिम्मेदार जनप्रतिनिधी द्वारा अधिकारियों को सहयोग राशि देने हेतु दबाव डाला जा रहा है। आयोजन के बहाने राशि वसूली की चर्चा भी जोरों पर है। तो वहीं एक जनप्रतिनिधी द्वारा राशि वसूल कराये जाने से अधिकारियों में आक्रोश भी व्याप्त है।
चेहरा चमकाने में लगा बिल्डर
बैकुंठपुर रामानुज मिनी स्टेडियम में इस बार रावण दहन का कार्यक्रम यूनिटी वेलफेयर सोसायटी के बैनर तले किये जाने की बात सामने आई थी लेकिन अब इसका मुख्य कर्ताधर्ता बिल्डर को बना दिया गया है। बिल्डर जो कि विभिन्न अपराधों मे जेल जा चुका है और वर्तमान में जमानत पर बाहर है साथ ही उसे पिछले वर्ष ही जिला बदर किया गया था, एक ऐसे व्यक्ति के द्वारा ऐसे धार्मिक आयोजन का मुखिया बनना अत्यंत निंदनीय है। बिल्डर के नेतृत्व में ही मिनी स्टेडियम में गरबा का आयोजन किया गया था जिसमें महिला बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी शामिल हुईं थी। स्थानीय लोगो का कहना है कि पिछले कई वर्षो से विवादित चेहरा और कई तरह के अपराधों में शामिल रहने वाले बिल्डर द्वारा खुद का चेहरा चमकाने की कोशिश में आयोजन का मुखिया बना गया है।
भाजयुमो मंडल अध्यक्ष के साथ जानलेवा हमले में हुई थी गिरफ्तारी
बिल्डर जिसके नेतृत्व में मिनी स्टेडियम में दशहरा मिलन सह रावण दहन का कार्यक्रम किया जाना है वह पिछले वर्ष ही कई गंभीर धाराओं के कारण जेल में बंद था,जमानत मिलने के बाद और प्रदेश में भाजपा सरकार आने के बाद उसकी सक्रियता एक बार फिर बढ गई है। ऐसा प्रतीत हो रहा है जैसे सत्ता के सरंक्षण में बिल्डर द्वारा अपने गलत कार्यो पर पर्दा डाला जाएगा। गत वर्ष भारतीय जनता युवा मोर्चा के भैयाथान मंडल अध्यक्ष पर जानलेवा हमला हुआ था इस मामले में बिल्डर की भूमिका सामने आने के बाद सूरजपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
आयोजन बना चर्चा का विषय
जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में रावण दहन अब विवाद और चर्चा का विषय बन चुका है, यहां सबसे पहले सार्वजनिक रूप से रावण दहन की शुरूआत कोरिया सर्व विकास मंच के बैनर तले पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष स्व.तीरथ गुप्ता की अगुवाई में शुरू हुई थी, लगातार इस मंच ने पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में रावण दहन का कार्यक्रम संपन्न किया। इसके बाद 2018 में प्रदेश में कांग्रेस सरकार बन जाने के बाद रावण दहन जैसे कार्यक्रम और दशहरा उत्सव को भी शहर में राजनीति की भेंट चढा दी गई और इसके बाद कांग्रेस के नेताओे और खासकर तात्कालिक विधायक अंबिका सिंहदेव के नेतृत्व मे पूर्व विामंत्री स्व0 रामचंद सिंहदेव की स्मृति में एक आयोजन समिति बनाकर रावण दहन किया गया। अब एक बार फिर प्रदेश में भाजपा सरकार और स्थानीय विधायक भाजपाई होने के कारण रावण दहन में भी भाजपाईयों और खासकर बिल्डर की भूमिका अहम बतलाई जा रही है। हलांकि बिल्डर ने अपने चहेते कुछ कांग्रेसियों को जरूर इस आयोजन में शामिल कर लिया है और उनके पोस्टर भी अलग से शहर में कई स्थलो पर लगाए गए है लेकिन इस बार आयोजन में भुमिका बिल्डर की ही बतलाई जा रही है।


Share

Check Also

अंबिकापुर@ डायल-112 टीम को बंधक बनाकर हमला

Share ,आरक्षक गंभीर रूप से घायलझगड़े की सूचना पर पहुंची पुलिस से गाली-गलौज, रॉड से …

Leave a Reply