रायपुर,03 अक्टूबर 2024 (ए)। आज राजधानी रायपुर में भारतीय सेना का भीष्म टी-90 टैंक और अन्य आर्टिलरी उपकरण पहुंचे, जिसका शहर में भव्य रैली के माध्यम से स्वागत किया गया। यह कार्यक्रम 5 और 6 अक्टूबर को साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित होने वाले सैन्य शक्ति प्रदर्शन आर्मी मेले की तैयारी के तहत किया गया है, जिसमें भारतीय सैनिकों का जौहर देखने का अवसर मिलेगा।
जिला प्रशासन की ओर से इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में एक स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह, एसएसपी संतोष कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त अविनाश मिश्रा सहित अन्य अधिकारियों ने भीष्म टैंक का स्वागत किया।स्वागत के बाद, एक रैली के रूप में टैंक और अन्य सैन्य उपकरणों को तेलीबांधा,मरीन ड्राइव, कलेक्ट्रेट,जयस्तंभ और आश्रम चौक होते हुए साइंस कॉलेज मैदान तक ले जाया गया। रैली के दौरान रायपुर के नागरिकों में उत्साह देखने को मिला, और सैकड़ों लोगों ने इस शानदार दृश्य को अपने मोबाइल फोन में कैद किया। इस कार्यक्रम को लेकर राजधानी में सकारात्मक माहौल बना हुआ है, और नागरिक इसे लेकर खासा उत्सुक हैं। यह आयोजन न केवल सेना की शक्ति को प्रदर्शित करेगा, बल्कि लोगों में देशभक्ति और सैन्य बल के प्रति जागरूकता भी बढ़ाएगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur