अंबिकापुर,14 जून 2024 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में पिछले कुछ दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही है। तापमान 42 डिग्री के करीब बना हुआ है। पूरे संभाग में लू की स्थिति बनी हुई थी। वहीं भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए लोगों को मानसून का इंतजार है। सरगुजा संभाग में मानसून आने में एक से दो दिनों का समय और लग सकता है। क्यों कि मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। वहीं शुक्रवार की सुबह घने बादलों की सक्रियता देखी गई। इस दौरान हल्की बूंदा-बांदी होने के बाद तेज धूप निकली। चिलचिलाती धूप के कारण लोग परेशान रहे। दोपहर में अधिकतम तापमान 41 डिग्री तक रहा। वहीं शाम चार बजे अचानक एक बार फिर मौसम ने करवट ली और प्री मानसून ने दस्तक दी। प्री मानसून की बारिश से लोगों ने गर्मी से हल्की राहत महसूस की, हालांकि उमस की स्थिति अभी भी बनी हुई है। वहीं संभाग के लोगों को मानसून के लिए अभी एक दो दिन और इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग का मानना है कि मानसून की रफ्तार धमी हो जाने के कारण समय पर मानसून नहीं पहुंच सकता है। मौसम विभाग के पूर्व अनुमान के अनुसार संभाग में 15 जून से पूर्व मानसून के आने की उम्मीद जताई जा रही थी। दोपहर के बाद अचानक शाम करीब चार बजे मासम ने करवट ली और तेज आंधी के साथ बारिश हुई। तेज आंधी-तूफान में शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों के कई स्थानों में पेड़ गिरने की खबर है। वहीं अगर शहर की बात करें तो घड़ी चौक के समीप एक विशाल पेड़ गिरा है। इस पेड़ के आस पास प्रति दिन काफी संख्या में महिला-पुरूष बैठकर सजी व फल बेचते हैं। पेड़ गिरने के दौरान सभी ने भाग कर अपनी जान बचाई। तेज आंधी के साथ हुई बारिश के कारण शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ व झाड़ गिरने विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई है। शहरी इलाकों घड़ी चौक, शिवधारी कालोनी, मनेन्द्रगढ़ रोड सहित अन्य हिस्सों पेड़ व झाड़ गिरने से विद्युत तार टूट जाने के कारण बिजली व्यवस्था बाधित हो गई है। वहीं ग्रामीण के अधिकांश क्षेत्रों में बिजली व्यवसथा ठप है। वहीं विद्युत विभाग के चीफ इंजीनियर एसपी कुमार ने बताया कि मरम्मत कार्य शुरू करा दिया गया है। देर रात तक बिजली व्यवस्था बहाल हो जाने की उम्मीद है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur