सीतापुर,05 अपै्रल 2024 (घटती-घटना)। नदी में नहाने गए 13 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। मृतक अपने माता पिता का इकलौता बेटा था। जानकारी अनुसार क्षेत्र की आराध्य देवी मंगरेलगढ़ीन मंदिर परिसर में साप्ताहिक भागवत कथा का आयोजन किया गया था। जहाँ सीतापुर निवासी शिवम कुमार गुप्ता आ. अमित गुप्ता भी अपने परिजनों के साथ भागवत कथा में शामिल होने गया था। इस दौरान शिवम अपने परिजनों संग गुरुवार की रात कथा स्थल पर ही रुक गया था। अगली सुबह वो 7-8 बजे के बीच बिना किसी को बताए मंगरेलगढ़ स्थित मांड नदी में नहाने चला गया। काफी देर तक जब वो कही नजर नही आया तब परिजनों को उसकी चिंता होने लगी। जिसके बाद उसके पिता एवं परिजन उसकी तलाश करने लगे। इसी दौरान उन्हें नदी किनारे बालक का कपड़ा पड़ा हुआ मिला। किसी अनहोनी की आशंका पर परिजन संग आये लोगो ने पानी के अंदर उसकी तलाश शुरू कर दी। काफी देर तक तलाशने के बाद बालक पानी के अंदर डूबा मिला। जिसे तत्काल पानी से बाहर निकाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहाँ निरीक्षण के बाद डॉक्टर ने बालक को मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद मृतक का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।कक्षा सातवीं का छात्र शिवम माता पिता का इकलौता बेटा था। जिसके असामयिक मृत्यु से माता पिता एवं परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।
पोस्टमार्टम के लिए घंटो करना पड़ा इंतजार
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पोस्टमार्टम करने वाले मेहतर के अभाव में पीडि़त परिवार को पोस्टमार्टम के लिए घंटो इंतजार करना पड़ा। ऐसा पहली बार नही हुआ है कि पोस्टमार्टम के लिए लोगो को इंतजार करना न पड़ा हो। इससे पहले भी मेहतर के अभाव में लोगो को हॉस्पिटल में घँटों इंतजार करना पड़ा है।जब भी कोई मौत होती है तो उसके पोस्टमार्टम के लिए मेहतर बतौली से बुलाया जाता है। समय पर आ गया तो ठीक नही तो जब तक वो नही आता शव का पोस्टमार्टम नही होता है। हॉस्पिटल में यह भर्राशाही विगत कई सालों से चल रहा है। यहाँ पोस्टमार्टम के लिए पदस्थ मेहतर की सेवानिवृा होने के बाद स्वास्थ्य विभाग आज तक यहाँ मेहतर की नियुक्ति नही कर पाई है। जबकि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दायरा काफी बड़ा होने के कारण यहाँ रोज पोस्टमार्टम के लिए शव लाये जाते है। इसके बाद भी स्वास्थ्य विभाग मेहतर की नियुक्ति को लेकर सालो से उदासीन बना बैठा है। जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur