अंबिकापुर 16 मार्च 2024 (घटती-घटना)। सरगुजा स्थित मां महामाया एयरपोर्ट को डीजीसीए द्वारा उड़ान सेवा संचालन हेतु लाइसेंस मिलने से पूरे संभाग में खुशी की लहर है। इसी क्रम में शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार प्रदर्शन हेतु प्रशासन द्वारा कार्यक्रम का आयोजन किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय दूरभाष के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरगुजा संभाग के लिए सौभाग्य का दिन है कि यहां एयरपोर्ट लाइसेंस प्राप्त हो चुका है, अब जल्द ही उड़ान योजना के अंतर्गत उड़ान सेवा का परिचालन भी शुरू होगा। आज हमें भी आपके बीच रहना था। जिस दिन पहली उड़ान होगी, उस दिन निश्चित रूप से हम उपस्थित रहेंगे। आज जिले में भव्य कार्यक्रम किया जा रहा है। इस उपलçध पर समस्त सरगुजा वासियों को बहुत बहुत बधाई और शुभकामनाएं। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के नाम में दरिमा छूट गया था, जो संज्ञान में हैं। एयरपोर्ट के नाम में दरिमा शामिल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को प्रस्ताव बनाकर भेजने निर्देशित किया गया है जिससे पूर्ण नाम मां महामाया एयरपोर्ट, दरिमा अंबिकापुर होगा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज के साथ अंबिकापुर विधायक राजेश अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मधु सिंह, महापौर नगर निगम अंबिकापुर डॉ अजय तिर्की, पूर्व संसदीय सचिव चिंतामणि महाराज, सरगुजा संभागायुक्त जीआर चुरेंद्र, कलेक्टर विलास भोस्कर, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी – कर्मचारी, और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सभी जनप्रतिनिधियों ने इस सौगात पर प्रधानमंत्री मोदी, नागरिक उड्डयन मंत्री सिंधिया एवं मुख्यमंत्री साय के प्रति आभार व्यक्त किया।
कलेक्टर विलास भोस्कर ने इस दौरान माँ महामाया एयरपोर्ट के बनने के इतिहास की जानकारी दी। दरिमा हवाई पट्टी का निर्माण वर्ष 1950 में हुआ था. प्रारंभिक दौर में डबल्यूबीएम सतह से निर्मित की गई थी जिसकी लम्बाई 1200 मीटर थी। इस हवाई पट्टी पर वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का भी आगमन हो चुका है। यह हवाई पट्टी अम्बिकापुर शहर से 13 कि.मी. की दूरी पर दरिमा ग्राम में निर्मित है। इसका सम्पूर्ण क्षेत्रफल 365 एकड़ है एवं यह हवाई पट्टी समुद्र तल से 1924 फीट उचाई में स्थित है।
वर्ष 2012-13 में प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में शुरू हुई उडान योजना अन्तर्गत रिजनल कनेक्टीविटी सर्विस के अंतर्गत अम्बिकापुर हवाई पट्टी को हवाई अड्डे में उन्नयन किए जाने हेतु शामिल किया गया था। इसके तहत् हवाई पट्टी का उन्नयन वर्ष 2014 में किया गया जिसमें डामरीकरण की सतह को 15 मी. चौड़ाई से बढ़ाकर 30 मी. चौड़ा किया गया तथा टर्मिनल भवन का उन्नयन 20 यात्रियों के आवागमन हेतु कराया गया। जो कि छोटे विमान सेवा (20 सीटर) हेतु अनूकुल था। वर्ष 2021 में इस हवाई अड्डे का विकास 3सीवीएफआर के मानकों के अनुरूप किया गया।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur