अंबिकापुर,12 मार्च 2024 (घटती-घटना)। दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम कर्रा में 10 मार्च की शाम को एक युवक ने शराब के नशे में परिवार के सदस्यों के साथ विवाद कर रहा था। इस दौरान दादी ने उसे विवाद करने से मना की तो नाराज होकर युवक ने दादी के सिर पर डंडे से हमला कर दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के अन्य सदस्यों को भी मारने के लिए दौड़ाने लगा तो लोग घर से भाग गए। रिपोर्ट पर दरिमा पुलिस ने आरोपी नाती को गिरफ्तार कर जेल दाखिल कर दिया है।
पुलिस के अनुसार राजू नागेसिया उम्र 24 वर्ष ग्राम कर्रा थाना दरिमा का रहने वाला है। वह 10 मार्च की शाम को गांव से शराब पीकर घर आया और घर वालों के साथ विवाद करने लगा। इस दौरान इसकी दादी बिहानी बाई उसे विवाद करने से मना करने लगी। इस बात से नाराज होकर नशे में धुत नाती ने डंडे से दादी की बेदम पिटाई कर दी। इस दौरान बीच बचाव करने पहुंचे घर वालों को भी मारने के लिए दौड़ाने लगा। लोग डर से घर से भाग गए। वहीं सिर में गंभीर चोट लगने से दादी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका बिहानी बाई के दामाद संजय कुमार ने मामले की जानकारी दरिमा थाना को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। घटना के बाद आरोपी घर से भाग गया था। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी नाम राजू नगेसिया के खिलाफ कार्रवाई कर जेल दाखिल कर दिया है। कार्रवाई में थाना दरिमा से सहायक उप निरीक्षक बैजनाथ लकड़ा, आरक्षक अभय चौबे, दुर्गेश राजवाड़े शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur