अंबिकापुर,19 फरवरी 2024 (घटती-घटना)। मार्केटिंग में लाखों की आय का झांसा देकर ठगी के शिकार हुए युवक-युवतियों ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंच शिकायत की है। शिकायत पर पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
जानकारी के अनुसार अंबिकापुर में एक मार्केटिंग कंपनी (वर्चुअल फैशन) द्वारा नौकरी का झांसा देकर युवक-युवतियों से ठगी करने का मामला सामने आया है। युवतियों ने बताया कि उन्हें, एक कंपनी में नौकरी के नाम पर ज्वाइन कराया जाता है। कंपनी का आफिस शहर के मनेन्द्रगढ़ रोड़ में स्थित है। इसके बाद वहां फैशन के क्षेत्र में काम करवाया जाता है। उन्होंने बताया कि ज्वाइनिंग के दौरान मार्केटिंग के जरिए अच्छी आय देने का झांसा दिया जाता है। ज्वाइनिंग से पहले युवक युवतियों से प्रोडक्ट देने की बात कहकर किसी से 14 हजार तो किसी से 35 से 70 हजार रुपए ले लिया गया और कहा गया कि आगे बढऩे के लिए हर सदस्य को चार और सदस्यों को जोडऩा होगा। बाद में न तो किसी को कोई प्रोडक्ट दिया गया और न ही पैसा दिया गया। पैसा वापस मांगने पर कम्पनी के लोग लगातार टाल-मटोल कर रहे हैं। इससे परेशान युवक-युवतियों ने एसपी ऑफिस पहुंचकर मामले की शिकायत की है। एसपी के निर्देश पर पुलिस मामले में जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
पूर्व में ठगी के मामले में संचालक जा चुका है जेल
इस कंपनी द्वारा पूर्व में भी सैकड़ो युवक-युवतियों को ठगा गया था। पूर्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संचालक को जेल भी भेजा था। बावजूद इसके पुन: इस कंपनी का संचालन शुरू कर शहर में खुलेआम भोले-भाले युवक-युवतियों को ठगा जा रहा है। प्रभारी नगर पुलिस अधीक्षक अखिलेश कौशिक ने इस संबंध में कहा कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के बाद ही कुछ कह पाना संभव होगा।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur