Breaking News

अंबिकापुर@पंचायत सचिव की सुबह फांसी पर लटकती मिली लाश

Share

बेटा ने कहा काम का था अधिकारियों का दबाव

अंबिकापुर,03 जनवरी 2024 (घटती-घटना)। रघुनाथपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पुरकेला के मड़वापारा निवासी जिला पंचायत सचिव ने बुधवार की सुबह घर के पास ही फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सुबह परिजनों ने उसका शव देखा तो इलाज के लिए मिशन अस्पताल लाया गया। यहां जांच के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मामले में मृतक के पुत्र का कहना है कि पापा काफी दिन से परेशान थे। काम को लेकर प्रेशर में रहते थे। इधर पंचायत सचिव संघ के अध्यक्ष ने मामले की जांच की मांग की है।
रघुनाथपुर चौकी अंतर्गत ग्राम पुरकेला के मड़वापारा निवासी सहन साय पनिका 58 वर्ष ग्राम लालमाटी में पंचायत सचिव के पद पर पदस्थ था। बुधवार की सुबह उसका शव घर के बगल में स्थित मकान के म्यार में रस्सी के सहारे फांसी पर लटकता मिला। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने शव उतरवाकर पीएम के लिए अस्पताल भिजवाया। पंचायत सचिव ने किस कारण से आत्महत्या की, इसका पता फिलहाल नहीं चल सका है। इस मामले में मृतक के पुत्र जितेंद्र साय ने बताया कि पापा काफी समय से परेशान थे। मंगलवार को वे जिला पंचायत अंबिकापुर में मीटिंग में शामिल होने गए थे, वहां से रात 12.30 बजे घर लौटे थे। बुधवार की सुबह लालमाटी में विकसित भारत शिविर की तैयारी भी उन्हें करना था। इसी बीच उन्होंने फांसी लगा ली। उसने बताया कि पापा काम को लेकर कभी कोताही नहीं करते थे। संभवत: उन्हें कोई प्रेशर दिया गया होगा। इधर पंचायत सचिव संघ ने मामले की जांच की मांग की है। संघ का कहना है कि जिला पंचायत में मीटिंग थी, किस कारण से उन्होंने आत्महत्या की, यह जांच का विषय है। कहीं उनके ऊपर कोई प्रशासनिक दबाव या घर में कोई परेशानी तो नहीं थी। काम का प्रेशर तो हम सभी के ऊपर भी रहता है, इस वजह से फांसी लगाना समझ से परे है। उनके मोबाइल के कॉल डिटेल की भी जांच होनी चाहिए।


Share

Check Also

बलरामपुर@ विश्व पर्यावरण दिवस पर चिल्ड्रन पार्क में पौधरोपण

Share ,कलेक्टर,एसपी और डीएफओ ने दिया हरियाली का संदेश-संवाददाता-बलरामपुर,05 जून 2026 (घटती-घटना)। विश्व पर्यावरण दिवस …

Leave a Reply