नए साल के पहले दिन लोगों को हुई खास परेशानी,शहर के विभिन्न चौकों पर किया गया चक्काजाम

अंबिकापुर, 01 जनवरी 2024 (घटती-घटना)। नए कानून में वाहन से किसी की मौत होने पर कड़ा सजा का प्रावधान किए जाने के विरोध में वाहन चालक संघ के आह्वान पर संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में यात्री बसों के चालक,परिचालक सहित अन्य बस कर्मियों द्वारा आज सोमवार को सुबह से ही हड़ताल शुरू कर दिए जाने से वाहनों के पहिए थम गए। आटो, ट्रक चालक भी हड़ताल पर हैं। आहर से यात्री लेकर आ रही बसों को भी प्रवेश नहीं करने दिया। वहीं इनके समर्थन में ऑटो चालक भी शामिल रहे। कई जगहों पर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। वाहन चालक लोगों के साथ अभद्रता पर भी उतारी हो गए थे।
हिट एंड रन के मामलों में नियम सख्त हो गए हैं। नए नियम के तहत हिट एंड रन के केस में वाहन चालक पर 7 लाख रुपये तक का जुर्माना और 10 साल तक कैद का प्रावधान किया गया है। इन कड़े प्रवधानों का विरोध वाहन चालकों ने शुरू कर दिया है। नए वर्ष के पहले दिन सोमवार सरगुजा में भी विरोध का असर देखा गया। सुबह से चालकों ने गांधी चौक, भारत माता चौक, बिलासपुर चौक, रामानुजगंज नाका सहित अन्य चौक चौराहों पर चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान चालकों ने भारी वाहनों को हर चौक चौराहों पर आड़े तिरछे खड़े कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान लोगों को खास परेशानियों का सामना करना पड़ा। सुबह-सुबह स्कूल जाने वाले शिक्षक, कर्मचारी, स्कूल बस सहित अन्य लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। क्याकि शहर के लगभग हर चौक चौराहों पर चालकों ने चक्काजाम कर रखा था। बाहर से यात्रियों को लेकर आने वाले वाहनों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। वाहन चालकों ने कहा कि दुर्घटना में हर बार उनकी गलती नहीं होती है, हादसे में किसी की मौत होने पर उन्हें भी जान बचाने भागना पड़ता है, नही भाग पाए तो मारपीट होती है, कई बार वाहन चालकों की हत्या भी कर दी जाती है। वाहन चालक स्वयं अपनी जान हथेली में रखकर देश की अर्थव्यवस्था और लोगों की जरूरतों की पूर्ति के लिए महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। वाहन से मौत होने पर 10 साल सजा का प्रावधान किसी भी सूरत में उचित नहीं है, ऐसी स्थिति में वे गाड़ी नहीं चला पायेंगे।
11 बजे तक रहा चक्काजाम
बिना पूर्व सूचना के वाहन चालकों द्वारा चक्काजाम कर दिए जाने से बाहर से आने वाले यात्रियों को खासा परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं अंबिकापुर बस स्टैंड में सुबह-सुबह सन्नाटा पसरा रहा। वहीं चालकों का विरोध प्रदर्शन सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चला। वाहन चालकों ने छाीसगढ़ ड्राइवर महासंग के नेतृत्व में कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा। इसके बाद चक्का जाम को समाप्त किया गया। संघ के जिलाध्यक्ष भानू प्रताप गिरी ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन आगे जारी रहेगा। तीन दिनों तक सुबह चक्काजाम करने का निर्णय संघ द्वारा लिया गया है। अगर हमारी मांगे पूरी नहीं हुई तो आगे और आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि चक्काजाम समाप्त होने के बाद यात्री बसों का परिचालन शुरू हो चुका था। वहीं वाहन चालकों पर कड़े कानून का विरोध ऑटो चालकों ने भी किया। शहर में ऑटो का संचालन पूरी तरह प्रभावित रहा। रेलवे स्टेशन से शहर की ओर आने वाले यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ ऑटो चालक यात्री लेकर चल रहे थे तो प्रदर्शनकारियों ने बीच रास्ते में ही उतार दिया।
दूर-दराज के यात्री हुए परेशान
वाहन चालकों की हड़ताल के कारण बाहर से आने वाले यात्रियों को खासा परेशान होना पड़ा। ट्रेन से आने वाले यात्री सुबह आटो से शहर सीमा तक किसी तरह पहुंचे तो उन्हें बाहर ही उतरना पड़ा। सुबह बसों से अंबिकापुर पहुंचे यात्री आगे के गंतव्य के लिए नहीं जा सके और वे भटकते रहे। कुछ बसों के शहर सीमा के बाहर ही उतार दिए जाने के कारण वे भी भटकते रहे। पेट्रोल पंपों में भी हड़ताल का असर दिखा। इंडियन आयल के ड्रायवर तीन दिन पहले से ही हड़ताल पर हैं, जिसके कारण इंडियन आयल के ज्यादातर पेट्रोल पंप ड्राई होने की स्थिति में हैं। हड़ताल को देखते हुए बीपीसीएल एवं हिंदुस्तान पेट्रोलियम के ड्रायवर भी लोड लेकर नहीं निकले थे, जिसके कारण अधिकांश पेट्रोल पंपों में आज पूरे दिन का भी तेल नहीं बचा है। हिट एंड रन केस को लेकर केंद्र सरकार नया कानून लाई है। धारा 304ए के दो प्रविधानों को लेकर ट्रांसपोर्टरों ने विरोध शुरू कर दिया है। वर्तमान प्रावधान में ड्राइवर की थाने से जमानत हो जाती है और अधिकतम दो साल की सजा है। संशोधित कानून में वाहन ड्राइवर को अधिकतम दस साल की सजा और सात लाख जुर्माने का प्रावधान किया गया है। सभी ट्रांसपोर्टर के साथ ट्रक मालिक संघ व बस मालिक संघ इसके खिलाफ हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur