प्रतापपुर नाका के पास की घटना,कलेक्टर ने घायलों को पहुंचवाया अस्पताल
अंबिकापुर,16 दिसम्बर 2023 (घटती-घटना)। शहर के प्रतापपुर नाका के पास शनिवार की सुबह कलेक्टर की वाहन से स्कूटी सवार पिता-पुत्री घायल हो गए। घटना के बाद कलेक्टर ने स्वयं तत्पर्ता दिखाते हुए घायलों को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर पहुंचे।
शनिवार सुबह कलेक्टर कुंदन कुमार अपने आवास से कलेक्टोरेट जा रहे थे। वाहन चालक चला रहा था। प्रतापपुर नाका से गुजरने के दौरान प्रतापपुर की ओर से आ रहे दोपहिया वाहन में सवार महिला रानू तिर्की 27 वर्ष और पुरुष मोतीलाल उम्र 50 वर्ष वाहन की तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर कलेक्टर वाहन से टकरा गए। दुर्घटना में पिता-पुत्री दोनों घायल हो गए। दोनों की तुरंत सहायता करते हुए कलेक्टर स्वयं उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे। जहां भर्ती कराया गया।
अस्पताल अधीक्षक डॉ. आर्या ने बताया कि दोनों मरीज की हालत सामान्य है। मेडिकल जांच में रानू को बाएं घुटने में दर्द है और मोतीलाल को बाएं पैर में फे्रक्चर पाया गया है। किसी को भी अंदरूनी चोट नहीं है। दोनों मरीजों का सीटी स्कैन किया जा रहा है जिसके बाद पूरी स्थिति स्पष्ट होगी। मेडिकल टीम मुस्तैदी से काम कर रही है। प्रशासन द्वारा तत्काल सहायता सुनिश्चित की गई है।
कलेक्टर ने की हेलमेट पहनने की अपील
कलेक्टर कुन्दन ने दोपहिया वाहन चालकों से गाड़ी चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाएं दिन या समय देखकर नहीं आती, जरूरी है कि पहले से ही सावधानी बरती जाए। उन्होंने दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट अवश्य पहनने की अपील की है जिससे दुर्घटना के दौरान गंभीर हानि से बचा जा सके।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur