पिता ने ससुराल पक्ष पर लगाया हत्या कर टांगने का आरोप
अंबिकापुर,12 दिसम्बर 2023 (घटती-घटना)। गांधीनगर थाना क्षेत्र के गोधनपुर में एक नवविवाहिता ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। नव विवाहिता की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाया है। मृतिका के पिता ने आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के डेढ़ माह बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग उसकी पुत्री को दहेज के मांग के लिए प्रताडि़त कर रहे थे। इसके साथ-साथ ससुराल के लोगों द्वारा गांजा बिक्री किए जाने का भी विरोध उसकी पुत्री कर रही थी। कई बार ससुराल पक्ष के लोगों को उनके द्वारा पैसे भी दिए गए। पिता ने आरोप लगाया कि उसकी पुत्री को मार कर फांसी पर टांग दिया गया है। मामले में न्याय की गुहार पीडि़त पिता ने लगाई है।
जानकारी के अनुसार बलरामपुर जिले के ग्राम आरा निवासी अदुल रउत की पुत्री रुखसाना खातून 26 वर्ष का विवाह 6 माह पहले अंबिकापुर के गोधनपुर निवासी मो.रासिद के साथ हुआ था। मंगलवार को विवाहिता का शव ससुराल में ही फांसी पर लटका हुआ मिला। सूचना पर मायके पक्ष के लोग भी मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। वीडियो ग्राफी करते हुए विवाहिता को फांसी से नीचे उतार गया। मृतका के पिता अदुल रउत ने आरोप लगाते हुए कहा कि शादी के डेढ़ माह बाद से ही उसकी पुत्री को ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा प्रताडि़त किया जा रहा था। कई बार पैसे की मांग की गई जिसे उनके द्वारा पूरा किया गया। इसके साथ-साथ यह भी बताया कि पुत्री के ससुराल के लोगों द्वारा गांजा की बिक्री की जाती है जिसका उनकी पुत्री विरोध किया करती थी। उन्होंने बताया कि गत शनिवार को उनकी पुत्री रुखसाना ने फोन करके कहा कि 2000 दे दीजिए। सोमवार को उसके पिता पैसा डलवाने वाले थे। आज सुबह उसके फांसी पर लटकने की सूचना मिल गई। पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोगों के द्वारा ही उसकी पुत्री को मारकर फांसी पर लटकाया गया है। मामले में पिता ने न्याय के गुहार लगाई है। मायके पक्ष के लोग जब अपनी पुत्री के घर पहुंचे तो वहां गांजा का पौधा भी लगा हुआ मिला। उसे वीडियोग्राफी करते हुए तत्काल की उखड़वा दिया गया। पुलिस को इसकी जानकारी दी गई है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur