अंबिकापुर,24 नवम्बर 2023 (घटती-घटना)। मेडिकल कॉलेज अस्पताल के डॉक्टरों ने एक 30 वर्षीय महिला का जबड़े के कैंसर का सफल ऑपरेशन कर जान बचाई है। ऑपरेशन के बाद हालात में सुधार होने पर शुक्रवार को उसकी छुट्टी कर दी गई है। कोरिया जिले के चिरमिरी दफाई से सुमित्रा पति देवशरण 30 वर्ष पहुंची। महिला का मुंह नहीं खुल रहा था, जिससे उसे खाने-पीने में दिक्कत हो रही थी। मुंह के अंदरूनी हिस्से में बढ़ती पीड़ा को लेकर वह काफी परेशान थी। दंत रोग विशेषज्ञ सर्जन डॉ. अभिषेक हरीश ने महिला को भर्ती करके उसका जांच, इलाज शुरू किया। सिटी स्कैन कराने पर पता चला कि महिला के जबड़े व गाल से लगा एक हिस्सा पूरी तरह से गल गया है। इसकी जानकारी मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. रमनेश मूर्ति व अस्पताल अधीक्षक डॉ. आरसी आर्या को दी गई। मुंह के अंदर गले अपशिष्ट को जांच के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर में भेजा गया। जांच में कैंसर की पुष्टि हुई। महिला के स्वजन की स्थिति ऐसी नहीं थी कि वे किसी अन्य चिकित्सालय में उपचार करा सके। इसके बाद महिला के स्वजन की सहमति से आवश्यक उपचार सुविधा उपलध कराने के बाद ऑपरेशन की तैयारी की गई। 15 नवंबर को महिला का ऑपरेशन करके जबड़े के गल चुके हिस्से को काटकर निकाला गया, जो अंदर ही अंदर वृहद रूप लेते आगे बढ़ रहा था। सफल ऑपरेशन दंत रोग विभाग की एचओडी डॉ. ऐश्वर्या सिंह के मार्गदर्शन में सर्जन डॉ. अभिषेक हरीश ने किया। डॉ. अभिषेक हरीश ने बताया कि महिला के जबड़े के एक हिस्से को काटकर अलग करने के कारण चेहरा विकृति लिया हुआ है। इसे सामान्य रूप देने के लिए 15 दिन बाद प्लास्टिक सर्जरी की जाएगी, ताकि वे खुद को असामान्य महसूस न करने पाए। ऑपरेशन के बाद फिलहाल उसकी छुट्टी कर दी गई है। प्लास्टिक सर्जरी करने के बाद उसे नवापारा के शहरी स्वास्थ्य केंद्र में नि:शुल्क कीमोथेरेपी का लाभ दिलाया जाएगा।
मरीज पूर्ण रूप से स्वस्थ
डॉ. अभिषेक हरीश ने बताया कि मरीज की स्थिति अब ठीक है। उसे ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों की निगरानी में रखा गया था। स्वस्थ होने पर मरीज को डिस्चार्ज कर दिया गया। उन्होंने बताया कि ऑपरेशन काफी जटिल था। फिर भी मरीज का ऑपरेशन कर जान बचाई गई है। डॉक्टर ने बताया कि मरीज ग्रामीण क्षेत्र का था और काफी गरीब परिवार से था। अगर यह ऑपरेशन निजी अस्पताल में कराता तो मरीज को दो लाख से ज्यादा का खर्च उठाना पड़ता। पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पूरी तरह नि:शुल्क किया गया है।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur