अंबिकापुर,11 अक्टूबर 2023 (घटती-घटना)। विधानसभा चुनाव शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देशानुसार शांति व्यवस्था बनाए रखने निरंतर कार्रवाई चल रही है। अनैतिक गतिविधियों एवं असामाजिक तत्वों पर अंकुश लगाने पुलिस टीम के साथ प्रशासनिक अमला पैनी नजर रख रहा है। अधिकारी शहर के मुख्य मार्गों में मार्च करने के बाद गलियों तक पहुंच व बाहरी मार्गों तक पहुंच रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार की रात जिले में प्रशासन एवं पुलिस की संयुक्त टीम ने आदर्श आचार संहिता को जिले में प्रभावी करने जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के बाहरी क्षेत्रों में भी उपस्थिति दर्ज कराई। आम नागरिकों को आगामी विधानसभा चुनावों के दौरान निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण वातावरण प्रदान करने की पहल पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज अंकित गर्ग के सतत मार्गदर्शन व जिला कलेक्टर कुंदन कुमार, पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा के निर्देशन में शुरू हुई है। फ्लैग मार्च अपर कलेक्टर एएल ध्रुव एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुपलेश कुमार के नेतृत्व में गांधीनगर थाना से सजी बाजार होते हुए पटेलपारा चौक, नवापारा चौक, बीटीआई मैदान के मुख्य मार्ग से होते हुए पुन: गांधीनगर थाना पहुंची, संयुक्त टीम लगातार फ्लैग मार्च कर जिले के प्रत्येक क्षेत्रो में अपनी उपस्थिति दर्ज करा असामाजिक तत्वों, अनैतिक गतिविधियों मे संलग्न व्यक्तियों को अनैतिक गतिविधियां पाए जाने पर सख्त वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी भी दे रही हैं। फ्लैग मार्च के दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस टीम ने आम नागरिकों, युवाओं, सीनियर सिटीजन एवं नए वोटरों से बढ़-चढ़कर मतदान करने हेतु प्रोत्साहित किया। फ्लैग मार्च के दौरान जिला प्रशासन एवं सरगुजा पुलिस के अधिकारी कर्मचारी एवं बड़ी संख्या मे पुलिस जवान शामिल रहे।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur