अम्बिकापुर,25 सितम्बर 2023 (घटती-घटना)। सरगुजा संभाग में सोमवार को करमा का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इसका विशेष उत्साह ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिला। आदिवासी समाज के लोग पूरे दिन उपवास रखकर पर्व की तैयारियों में जुटे रहे। शाम को धार्मिक स्थान के अलावा घरों में करमवृक्ष की पूजा-अर्चना कर मंगलमय जीवन की कामना की। शाम होते ही महिलाएं घरों में पूजा के लिए लगाए गए धान, मक्के की फसल का ज्वारा डलिया में लेकर गीत-गाते हुए करमवृक्ष में पूजा करने के लिए निकलीं। इससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद सामूहिक रूप से पूरी रात लोग मांदल की थाप पर पारंपरिक परिधान में नाचते गाते रहे। करमा पर्व को लेकर विशेषकर आदिवासी समाज के हर वर्ग में विशेष उत्साह देखा गया। यह पर्व हिंदू पंचांग के अनुसार भादो महीने के एकादशी को मनाया जाता है। करमा पर्व भाद्रपद शुक्ल पक्ष की एकादशी को मनाया जाता है। इस पर्व को आदिवासी समाज के अलावा अन्य समाज के लोग भी मनाते हैं। सरगुजा अंचल में इस दिन बहनें अपने भाई की दीर्घायु के लिए व्रत रखती हैं तथा रात को करम देवता की पूजा के उपरांत प्रसाद ग्रहण कर व्रत तोड़ती हैं। इस दिन बहने अपने भाई के लिए करमा डाल का पूजा करतीं हैं।
घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur घटती-घटना – Ghatati-Ghatna – Online Hindi News Ambikapur